प्रशासन ने मिट्टी में मिलाया नशा तस्कर का अवैध PG
punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 02:11 PM (IST)
गुड़गांव,(ब्यूरो): गांव कन्हई एरिया में आज पुलिस प्रशासन द्वारा नगर निगम के साथ मिलकर नशा तस्कर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। यहां अवैध रूप से बनाए गए आठ मंजिला पीजी को प्रशासन ने मिट्टी में मिला दिया। गलियां संकरी होने के कारण आज जेसीबी मौके पर नहीं पहुंच पाई तो प्रशासन ने नगर निगम से कर्मचारी बुलाकर ड्रिल मशीनों के जरिए यह तोड़फोड़ कार्रवाई की। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर नोडल अधिकारी आर एस बाठ को लगाया गया था।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, एंटी नारकोटिक्स सेल की तरफ से नशा तस्कर सतपाल उर्फ कालू की अवैध संपत्ति को चिन्हित किया गया था। सतपाल को एनडीपीएस एक्ट के तहत सजा भी हो चुकी है और उस पर आधा दर्जन से अधिक मुकदमें दर्ज हैं। जब पुलिस ने जांच की तो पता लगा कि नशा तस्करी के रुपयों से ही उसने यह संपत्ति बनाई है। ऐसे में यह कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि इस अवैध पीजी को तोड़ने के लिए 50 से ज्यादा नगर निगम के कर्मचारियों को लगाया हुआ है।
नोडल अधिकारी आर एस बाठ ने बताया कि इस पीजी में रहने वाले लोगों से करीब 7 हजार रुपए प्रति व्यक्ति की दर से रुपए वसूले जा रहे थे और इन रुपयों का इस्तेमाल नशा तस्करी में भी किया जा रहा था जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है। ड्यूटी मजिस्ट्रेट आर एस बाठ ने बताया कि मुख्यमंत्री के आदेश पर सभी विभागों की एक जॉइंट टीम बनाई गई है जो इस तरह की कार्रवाई कर रही है। बिजली निगम के अधिकारियों को भी इसमें शामिल किया गया है जिन्होंने यहां बिजली कनेक्शन भी काट दिया। हालांकि डेमोलिशन के लिए ड्रिल मशीन चलाने के लिए कुछ देर के लिए यह बिजली कनेक्शन दोबारा जोड़ा गया है, लेकिन कार्रवाई पूरी होते ही यह कनेक्शन भी काट दिया जाएगा।