कुख्यात बदमाश रिक्की की प्रॉपर्टी पर चला बुलडोजर
punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 08:58 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सरकारी जमीन पर कब्जा करने पर पुलिस ने कुख्यात अपराधी रिक्की (29) की अवैध प्रॉपर्टी पर वीरवार को बुलडोजर चला धराशायी करा दिया। रिक्की मूलरूप से खांडसा गांव का रहने वाला है। उसने अपने गांव के निकट सेक्टर 37 में प्लॉट नंबर 50 फेज-4 स्थित एचएसआईआईडीसी की लगभग 03 बीघा सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा था और टीन शेड डालकर पार्किंग बनाकर कमाई कर रहा था।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
दरअसल, गुरुग्राम में पुलिस द्वारा ऐसे अपराधियों की पहचान करके उनका खाका तैयार किया गया है, जो आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहते हुए अवैध व अनैतिक तरीकों से संपत्ति अर्जित करते हैं तथा उसी के बल पर निरंतर अपराधों को अंजाम देते हैं। ऐसे अपराधियों के विरुद्ध उनकी अवैध संपत्तियों को चिन्हित करके उन्हें गिराया जा रहा है। इसी के तहत रिक्की की अवैध प्रॉपर्टी पर जिला प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर धराशायी कर दिया। नगर निगम के डीटीपी आरएस भाट, निरीक्षक मंजीत, प्रभारी पुलिस थाना सेक्टर-37 की टीम व एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों के संयुक्त अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
रिक्की आवारा किस्म के लोगों के संपर्क में आकर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। लड़ाई-झगड़ा, लोगों में भय उत्पन्न करने, हत्या, हत्या के प्रयास तथा अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर अपराधों के 31 मामले इसके खिलाफ विभिन्न थानों में दर्ज हैं। आरोपी शातिर एवं चालाक प्रवृत्ति का है तथा कई बार जेल जा चुका है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस आमजन को यह विश्वास दिलाती है कि अपराधियों, भूमाफियाओं एवं अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध ऐसी सख्त कार्यवाही भविष्य में भी निरंतर रूप से जारी रहेगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।