नामी होटल में चल रहा था जुआ खिलाने का रैकेट, पुलिस ने रेड कर तीन को पकड़ा

punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 10:16 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): शहर के एक नामी होटल में चल रहे जुआ रैकेट का पुलिस ने छापेमारी कर पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से भारी मात्रा में नकदी और ताश के पत्ते बरामद किए हैं। पुलिस को गुप्तचर से सूचना मिली थी कि रेलवे रोड स्थित ओयो रॉयल रेजीडेंसी होटल के कमरा नंबर 102 में कुछ लोग पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही हवलदार प्रदीप और सिपाही राहुल की एक रेडिंग टीम तैयार की गई। पुलिस ने बिना समय गंवाए होटल में दबिश दी।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

जब पुलिस टीम कमरे के बाहर पहुंची, तो अंदर से दांव लगाने की आवाजें आ रही थीं। पुलिस ने दबे पांव कमरे में प्रवेश किया तो देखा कि तीन व्यक्ति ताश की गड्डियों के साथ खेल रहे थे और एक-दूसरे पर 500-500 रुपये की चाल चल रहे थे। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने ताश के पत्ते फेंक दिए, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों को मौके पर ही काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 24 हजार 300 रुपये की भारतीय करेंसी और 156 ताश के पत्ते बरामद हुए। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान पारस ठुकराल निवासी अर्जुन नगर गुरुग्राम,रजत खत्री निवासी न्यू कॉलोनी, गुरुग्राम और गौरव निवासी न्यू कॉलोनी, गुरुग्राम के रूप में हुई।  

 

न्यू कॉलोनी थाना पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद नकदी और सामान को सील कर कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या होटल प्रबंधन को इस अवैध गतिविधि की जानकारी थी या इसमें उनकी कोई संलिप्तता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static