शाह की रैली को लेकर पुलिस अलर्ट, विरोध का ऐलान करने वाले नवीन जयहिंद को किया नजरबंद
punjabkesari.in Sunday, Jun 18, 2023 - 12:12 PM (IST)
रोहतक (दीपक भारद्वाज) : हरियाणा के सिरसा में रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली का आयोजन किया गया है। ऐसे में सरपंच एसोसिएशन तथा प्रदेश के कुछ संगठनों ने इस रैली में अमित शाह के विरोध का ऐलान किया था। जिसके चलते पुलिस अलर्ट मोड पर थी। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता नवीन जयहिंद ने भी अमित शाह की रैली में पहुंचकर जनता की समस्याओं के बारे में सवाल पूछने का ऐलान किया था। जिसे देखते हुए पुलिस ने उन्हें सेक्टर-6 स्थित बाग में नजरबंद कर दिया है।
शनिवार रात से ही नवीन जयहिंद पर पुलिस की नजर थी। हरियाणा पुलिस का सीआईए स्टाफ तथा अर्बन स्टेट थाना पुलिस ने रविवार की सुबह उन्हें नजरबंद करने के लिए पहुंच गई। नवीन जयहिंद सिरसा जाने के लिए बाग से निकल ना पाएं इसके चलते पुलिस ने घेराबंदी कर ली है। जयहिंद का कहना है कि प्रदेश में जनता की बहुत सी ऐसी समस्याएं हैं, जिनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्हीं समस्याओं को लेकर के वह सिरसा रैली में पहुंचकर अमित शाह से सवाल करना चाहते थे। लेकिन पुलिस ने उन्हें नजरबंद कर दिया है। उनका कहना है कि शासन-प्रशासन कितना ही जोर क्यों ना लगा ले, लेकिन वह आवाज उठाते रहेंगे।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)