क्लब में अवैध रूप से परोसी जा रही थी शराब, तेज म्यूजिक बजाकर किया जा रहा था लोगों को परेशान, पुलिस ने की रेड
punjabkesari.in Saturday, May 09, 2026 - 07:05 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): क्लब में अवैध रूप से शराब परोसने व तेज आवाज मेंं म्यूजिक बजाकर लोगों को परेशान करने का मामला सामने आया है। एसीपी को जब इसकी सूचना मिली तो सेक्टर-65 थाना पुलिस के साथ मौके पर रेड कर अवैध शराब व म्यूजिक सिस्टम को जब्त किया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, 8 मई की रात को एसीपी बादशाहपुर यशवंत यादव के नेतृत्व में थाना सेक्टर-65, गुरुग्राम व आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए एलीट क्लब सैक्टर-66 में रेड की गई। रेड के दौरान क्लब में 25 बोतल बीयर व 4 बोतल अवैध शराब मिली जिसके संबंध में क्लब मैनेजर कोई लाइसेंस व परमिट उपलब्ध नहीं करवा सका। क्लब में अवैध शराब रखने पर क्लब मैनेजर के विरुद्ध थाना सेक्टर-65 में आबकारी अधिनियम से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया।
मामले में आगामी कार्यवाही करते हुए क्लब संचालक को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया, जिसकी पहचान उदित बंसल (उम्र-30 वर्ष) निवासी उत्तम नगर,दिल्ली के रूप में हुई है। वहीं, टीम तेज आवाज में डीजे बजाए जा रहे Where Else बार सेक्टर-58 पहुंची। जहां पर बार में तेज आवाज (निर्धारित आवाज से ज्यादा) में डीजे बजता पाया गया। पूछताछ में बार मालिक द्वारा तेज आवाज बारे कोई वैध लाइसेंस/परमिशन प्रस्तुत नहीं किया गया। जिसके संबंध में पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त बार के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की गई। पुलिस टीम द्वारा मौके से 1 एमप्लीफायर (म्यूजिक ऑपरेट मशीन) व 2 साउंड स्पीकर बरामद किए गए है। मामले में बार के मालिक अनुज निवासी गुरुग्राम के खिलाफ धारा 5/15 Environment Protection Act व धारा 152 BNSS के तहत कार्यवाही की गई।