क्लब के बाउंसरों ने युवक से की मारपीट, केस दर्ज

punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 09:52 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-29 के पारा क्लब के बाउंसरों द्वारा एक कस्टमर के साथ हाथापाई करने का मामला सामने आया है। कस्टमर की शिकायत पर सेक्टर-29 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी है। 

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

पुलिस को दी शिकायत में डीएलएफ फेज-3 में रहने वाले हर्षित बहीरवानी ने कहा कि वह दो मई को पारा क्लब गए थे। उसके पास करीब 80 हजार रुपये नकद थे, जिसे देखकर क्लब के स्टाफ की नीयत बिगड़ गई। जब उन्होंने अपने पैसे बचाने की कोशिश की, तो क्लब के करीब 6 लोगों ने उसके साथ हाथापाई और मारपीट की। आरोप है कि हर्षित को जबरन क्लब से बाहर निकाल दिया गया। शिकायत मिलने के बाद सेक्टर-29 थाना पुलिस ने हर्षित का नागरिक अस्पताल में मेडिकल कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और सीसीटीवी फुटेज खंगाली।

 

इस घटना का एक सीसीटीवी भी सामने आया है। जिसमें शिकायतकर्ता हर्षित काउंटर पर बहस करता नजर आता है। वह गुस्से में बिल फाडक़र मैनेजर की तरफ फेंक देता है। इसके बाद बाउंसर उसे दूर ले जाते हैं। जहां फिर से उनके बीच बहस और हाथापाई होती है। जांच अधिकारी प्रदीप के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज और अब तक के साक्ष्यों के आधार पर 80 हजार रुपये की छीनी-झपटी या लूट की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि जांच में पाया गया कि क्लब स्टाफ ने युवक के साथ हाथापाई की थी और क्लब को निर्धारित समय सीमा के बाद भी संचालित किया जा रहा था।

 

वहीं पारा क्लब के मालिक जोगेंद्र ने बताया कि शिकायतकर्ता हमारा परमानेंट कस्टमर है। सुबह के समय क्लब बंद कर दिया गया था, इसलिए कस्टमर को बीयर सर्व नहीं की गई। इसी बात से कस्टमर नाराज हो गया था। किसी ने कोई मारपीट नहीं की। वह नशे में था, इसलिए हम उन्हें बाहर तक छोड़ गए थे। अब उनकी नाराजगी दूर हो गई है। मामले में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रवि कुमार का कहना है कि शिकायत मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन की। पुलिस ने वहां से सीसीटीवी फुटेज लेने के साथ सीसीटीवी फुटेज ले ली हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया और क्लब प्रबंधन और संबंधित स्टाफ से पूछताछ कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static