Rahul Gandhi की 'विजय संकल्प यात्रा': राहुल ने उठाया बेरोजगारी का मुद्दा, सरकार से पूछा- क्यों विदेश जा रहा हरियाणा का युवा?

punjabkesari.in Monday, Sep 30, 2024 - 01:31 PM (IST)

हरियाणा डेस्क : हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए राहुल गांधी आज से 'हरियाणा विजय संकल्प यात्रा' शुरू कर रहे हैं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अंबाला के नारायणगढ़ में पहुंच गए हैं। यहां वे जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। इसके बाद वे यात्रा शुरू करेंगे। यह यात्रा 3 जिलों, अंबाला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर से होकर गुजरेगी। इस दौरान वे 12 विधानसभा सीटें कवर करेंगे। यात्रा शाम करीब साढ़े 5 बजे कुरुक्षेत्र के थानेसर में खत्म होगी। यहां भी राहुल की जनसभा होगी। कांग्रेस नेता की यह विजय संकल्प यात्रा 1 अक्टूबर तक चलेगी।हरियाणा चुनाव में करनाल और हिसार में रैली के बाद राहुल गांधी का यह तीसरा प्रोग्राम है।

राहुल गांधी के संबोधन की मुख्य बातें 

राहुल गांधी ने मैं सबका भाषण सुन रहा था। प्रियंका ने बात की, हुड्‌डा जी ने बात की, सैलजा जी ने बात की। हर भाषण में सम्मान शब्द का प्रयोग किया गया। सम्मान जरूरी है। सही बात है। मगर उतनी ही जरूरी बात जेब में हमारे लोगों की जेब में कितना पैसा जा रहा है, और कितना पैसा खींचा जा रहा है। आपका सम्मान हो, मोदी जी चौबीस घंटा रिस्पेक्ट करें, लेकिन पैसा निकलता रहे, सम्मान होगा, भूखे मर जाएंगे। मगर मेरे लिए उतना ही जरूरी सवाल कि हमारे गरीब लोगों की जेब में शिक्षा के लिए स्वास्थ्य के लिए, भविष्य के लिए, बैंक अकाउंट में कितना पैसा है।

PunjabKesari

हरियाणा में युवकों को रोजगार नहीं

राहुल गांधी बोले कि युवकों ने मुझे बताया कि दस साल के लिए हम अपने परिवार से नहीं मिल पाएंगे। अगर वापस गए तो अमेरिका नहीं आ पाएंगे। अमेरिका पहुंचने के लिए पचास लाख रुपए लगे। खेत बेच दिया, लोन लिया। 2 प्रतिशत पर लोन लिया। क्योंकि हरियाणा उनको रोजगार नहीं देता। कहां गए ये पचास लाख। फिर मैं वापस आया, करनाल गया।

किसानों को देंगे MSP की गारंटी

राहुल गांधी ने कांग्रेस की गारंटियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हर जाति को न्याय के साथ हरियाणा में 2 लाख लोगों को सरकारी नौकरी देंगे। किसान को गारंटी के साथ एमएसपी देंगे। आपका जो धान अभी नहीं खरीदा जा रहा है, वह चुनाव खत्म होते ही खरीदा जाएगा। राहुल ने यह भी कहा कि हरियाणा में सरकार बनेगी, तो 36 बिरादरी की सरकार बनेगी। सबकी सरकार बनेगी। सबकी बराबर भागीदारी होगी। ये जो छोटी छोटी पार्टियां हैं ये बीजेपी की पार्टी हैं। लड़ाई बीजेपी और कांग्रेस के बीच में है। लड़ाई सिर्फ विचारधारा की है।



PunjabKesari

प्रियंका ने कहा कि इस संविधान को बदलने की जो बात करते हैं, उनको आप बदल डालिए। ये सम्मान की लहर है, इसको और मजबूत बनाइए। भाजपा जा रही है, कांग्रेस आ रही है। ये कांग्रेस के नेता जमीनी नेता है। मेरे बड़े भाई जिन्होंने देश में यात्रा निकाली। इससे बड़ा समर्पण क्या होगा। ये दिन रात आपके सम्मान के लिए बैठे हैं। सब आपके लिए ही समर्पित हैं। 

पहलवानों को सड़क पर बिठाया- प्रियंका गांधी 

उन्होंने कहा कि ये हरियाणा की धरती है। भगवान श्री कृष्ण ने यहां से संदेश दिया था। यहां के किसानों, खिलाड़ियों, जवानों ने देश का सम्मान किया।हरियाणा प्रदेश के बच्चों ने पूरे देश का सम्मान रखा। भाजपा ने 10 साल में आपको अपमानित किया। किसानों ने आंदोलन किया। आप खड़े रहे आपको क्या मिला। आशू गैस, लाठियां मिली। एमएसपी पर क्या मिला। हरियाणा के बच्चे कर्मठ है, लेकिन उनको क्या मिला। अग्निवीर जैसी योजनाएं, हमारे खिलाड़ियों के साथ क्या किया गया, वह सड़क पर बैठे रहे। प्रधानमंत्री जी के पास 5 मिनट भी नहीं थे कि बात कर सकें। आज बेरोजगारी में हरियाणा आगे है। शैलजा व भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस की लहर है। मैं कहती हूं आपके सम्मान का असर है। 

PunjabKesari

राहुल ने कांग्रेस में नई जान फूंकी

सिरसा से कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि जब राहुल गांधी ने यहां से भारत जोड़ो यात्रा शुरू की थी, तब आपने कांग्रेस में नई जान फूंकी थी। आज हम उसका परिणाम देख रहे हैं, हरियाणा में कांग्रेस की लहर है। आपने मोदी जी को केंद्र में घेर लिया है। जुमलेबाजी अब साबित हो गई है। लोग उस समय का इंतजार कर रहे हैं, जब भाजपा सरकार को उखाड़ फेंका जाएगा।

PunjabKesari

भारत जोड़ो यात्रा से असली ताकत मिली

वहीं भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने कहा कि राहुल जी अपने भाषण में सब कुछ बता देंगे। जब उन्होंने यहां से भारत जोड़ो यात्रा शुरू की तो उन्हें असली ताकत मिल गई है। पूर्व सीएम ने कहा कि हरियाणा में जो सरकार है। वही सरकार दिल्ली में भी है। इसलिए कांग्रेस आ रही है और भाजपा जा रही है। यहां से कांग्रेस की जीत से पूरे देश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनेगा।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static