चंडीगढ़ समेत ट्राइसिटी में बारिश तेज: सड़कों पर बनी जलभराव की स्थिति, दोपहर के समय ही जलानी पड़ी वाहनों की लाइटे

punjabkesari.in Sunday, Aug 11, 2024 - 06:02 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी) :  सिटी ब्यूटीफुल समेत ट्राईसिटी में सुबह से ही जोरदार बारिश हो रही है। दोपहर में बारिश के जोर पकड़ने से पूरे शहर में झमाझम बारिश हुई। बारिश के कारण जहां ट्राइसिटी की सड़कें जलमग्न हो गई। वहीं, चंडीगढ़ में कई सड़कों पर एक फीट तक पानी भर गया। वहीं, मोहाली में घरों में पानी घुस गया। पिछले कईं घंटो से जारी बारिश अब लोगों के लिए आफत बन गई है। मोहाली के फेज -1 में एचएम मकानों में बारिश का पानी घुस गया है। इस वजह से वहां फायर ब्रिगेड की गाड़ी बुलानी पड़ी है। पंचकूला में भी कई जगह जलभराव की स्थिति है। तेज बारिश के चलते यहां एक मकान की छत गिर गई। 

दोपहर में जलानी पड़ी हेडलाइट

दोपहर के समय चंडीगढ़ में बारिश के जोर पकड़ने के साथ छाए घनघोर काले बादलों ने दोपहर के समय ही रात जैसा मौसम बना दिया। सड़कों पर वाहन चालकों को अपनी हेडलाइट जलाकर वाहन चलाने पड़े।

पार्किंग में खड़ी कारों में घुसा पान

चंडीगढ़ में कई स्थानों पर बनी पार्किंग में भी कईं फुट तक पानी जमा गया, जिसके चलते वहां खड़ी कईं कारों में पानी घुस गया। घुटनों तक जमा हुए बारिश के पानी के बीच लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। जलभराव के इस मंजर ने एक तरफ नगर निगम पर सवाल तो खड़े किए ही, साथ में लोगों को भी भारी परेशानी में डाल दिया।

 

सावन के अंतिम सप्ताह में लौटा मानसून

सावन माह का अंतिम सोमवार भले ही कल है, लेकिन सावन महीने के अंतिम सप्ताह में मेघा जमकर बरस रहे हैं। लोगों की पिछले कई दिनों से बारिश की आस पूरी होने के साथ ही लगातार हुई घनघोर बारिश उनके लिए मुसीबत भी बन गई। मौसम विभाग अभी कईं दिनों तक मानसून के सक्रिय रहने की बात कह रहा है। ऐसे में लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की पूरी उम्मीद है। मौसम विभाग की ओर से आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static