हरियाणावासियों को बाढ़ से मिलेगी राहत, राजस्थान ले जाएगा हरियाणा के सेमनाले का बरसाती पानी
punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 09:31 AM (IST)
सिरसा: राजस्थान सरकार अब हरियाणा के हिसार घग्गर मल्टीपर्पज ड्रेन (सेमनाला) के बरसाती पानी का उपयोग की तैयारी में है। राजस्थान सिंचाई विभाग ने सिरसा-फतेहाबाद सीमा से सटे रामसरा-मेहराना गांव के पास से नई ड्रेन निकालकर भादरा तहसील तक 700 क्यूसेक बरसाती पानी पहुंचाने का प्रस्ताव हरियाणा को भेजा है। हरियाणा ने इस पर प्रारंभिक सहमति जताई है। राजस्थान की ओर से ड्रेन का सर्वे कराया जा रहा है।
करीब 1710.81 करोड़ रुपए की मेगा परियोजना के तहत हिसार घग्गर मल्टीपर्पज ड्रेन की जल निकासी क्षमता मौजूदा 500 क्यूसेक से बढ़ाकर 1600 से 2750 क्यूसेक तक की जाएगी। सरकार का दावा है कि इससे सिरसा, फतेहाबाद और हिसार के बाढ़ एवं जलभराव-प्रभावित इलाकों को बड़ी राहत मिलेगी। परियोजना के तहत हिसार घग्गर मल्टीपर्पज ड्रेन का चौड़ीकरण और आधुनिकीकरण किया जाएगा। वर्तमान में कई हिस्सों में इसकी क्षमता करीब 500 क्यूसेक है। इसे बढ़ाकर 2750 क्यूसेक तक किया जाएगा। भारी बारिश या घग्गर नदी में जलस्तर बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त पानी तेजी से निकलेगा। ओटू के पास घग्गर में पानी की निकासी के लिए 1000 क्यूसेक क्षमता का पंप भी लगाया जाएगा। यह परियोजना भाखड़ा वाटर सर्विस सर्कल के तहत लागू होगी।