भाजपा के खिलाफ मिली वोटों से जीते दुष्यंत, उन्हीं की गोद में जा बैठेः सुरजेवाला
punjabkesari.in Sunday, Jul 09, 2023 - 05:15 PM (IST)

उचाना (प्रदीप श्योकंद) : कांग्रेस पार्टी द्वारा रविवार क उचाना में हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कांग्रेस के कार्यकारिणी सदस्य मनोज नचार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद व कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने शिरकत की। इस दौरान सुरजेवाला ने कहा कि जो अपने आप को नया बताता था वो चोला पहने हुआ ठग था। उचाना के साथ विश्वाघात करके आपके विश्वास को लूट कर चला गया। जिन लोगों ने जेजेपी को वोट दी थी वो भाजपा के खिलाफ दी थी, लेकिन चुनाव के बाद ये भाजपा की गोदी में जाकर बैठ गए।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि उचाना, टोहाना, नारनौंद या नरवाना हलका हो सभी हलकों से भाजपा के खिलाफ वोट डाली गई थी। वो बात करते थे भाजपा को जमुना पार भेजने की, लेकिन आपकी वोट लेकर आपको भाजपा के हाथों बेच दिया। सुरजेवाला ने कहा कि हलके के लोगों ने भाजपा के खिलाफ जजपा को वोट दिया था। लेकिन दुष्यंत आज भाजपा की गोद में बैठकर सत्ता की मलाई खा रहे हैं। उचाना के लोगों के साथ धोखा हुआ है, छल, कपट किया गया है। कोरोना के समय हम लोग लोगों की मदद कर रहे थे। लेकिन एक आदमी जो आज सत्ता में है वो दारू बेचकर रुपये कमाने में लगा हुआ था। कोरोना में लोग मर रहे थे। ऑक्सीजन के लिए तरस रहे थे, लेकिन जो उचाना से विधायक बना वो दो साल उचाना में आया तक नहीं। ये धरती मेरी मां है इसलिए पीड़ा होती है।
इसके साथ ही कांग्रेस सांसद ने कहा कि वोट लिया हरियाणा के किसानों के नाम पर, उसके बाद धोखा करके सत्ता में बैठ गया। जब लाखों किसान दिल्ली की सीमा पर बैठे थे। उन किसानों के रास्ते में कीले दुष्यंत चौटाला ने बिछाई। किसानों पर लाठीचार्ज हुआ लेकिन एक शब्द तक उनके पक्ष में नहीं बोला गया। दुष्यंत चौटाला अपने आप को अगर किसान हितैषी मानते है तो वो किसान आंदोलन में अपने पद से इस्तीफा देकर किसानों के बीच क्यों नहीं आए। प्रदेश में 35 पेपर लीक हो चुके हैं एक शब्द भी दुष्यंत चौटाला ने इस पर अब तक नहीं बोला है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)