कुरुक्षेत्र नहर हादसा: डूबे छात्र वरुण की तलाश में दूसरे दिन भी रेस्क्यू जारी, रातभर ठिठुरते रहे परिजन

punjabkesari.in Tuesday, Sep 15, 2026 - 01:40 PM (IST)

कुरुक्षेत्र(कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र की नरवाना ब्रांच (भाखड़ा) नहर में डूबे 13 वर्षीय छात्र वरुण की तलाश दूसरे दिन मंगलवार को भी जारी रही। सोमवार शाम दबखेड़ी पुल के पास दोस्तों के साथ नहर पर पहुंचे वरुण का देर रात तक कोई सुराग नहीं लग सका। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे गोताखोर प्रगट सिंह की टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

गोताखोरों ने दबखेड़ी पुल से आगे नहर में करीब 2 किलोमीटर तक तलाश की, लेकिन वरुण का पता नहीं चल पाया। पानी के तेज बहाव के कारण गोताखोरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टीम अब वापस दबखेड़ी पुल की तरफ लौटकर नहर के हिस्से को दोबारा खंगालेगी। इसके बाद आगे की दिशा में फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।

रातभर नहर किनारे बैठा रहा परिवार
वरुण के नहर में डूबने की सूचना मिलने के बाद उसका परिवार पूरी रात घटनास्थल पर ही मौजूद रहा। वरुण के पिता राजबीर और उसका भाई अंधेरा होने के बाद भी नहर किनारे उसकी तलाश करते रहे। परिवार के अन्य सदस्य भी रातभर नहर पर पहरा देते रहे। उन्हें उम्मीद थी कि कहीं से वरुण के बारे में कोई जानकारी मिल सकती है।

ट्यूशन के लिए निकला था, दोस्तों के साथ नहर पर पहुंचा
बाहरी गांव निवासी वरुण शहर के एक निजी स्कूल में 8वीं कक्षा में पढ़ता है। सोमवार को वह घर से ट्यूशन के लिए निकला था, लेकिन ट्यूशन जाने की बजाय दोस्तों के साथ दबखेड़ी पुल के पास नरवाना ब्रांच नहर पर पहुंच गया। शाम करीब साढ़े 5 बजे उसके नहर में डूबने की बात सामने आई। नहर किनारे वरुण के कपड़े और चप्पल मिले हैं।

रोते हुए बच्चों ने दी डूबने की जानकारी
घटना के बाद वरुण के साथ आए बच्चे नहर किनारे रो रहे थे। आसपास के लोगों ने उनसे रोने का कारण पूछा तो बच्चों ने बताया कि उनका दोस्त वरुण नहर में डूब गया है। इसके बाद गोताखोर प्रगट सिंह की टीम, पुलिस और वरुण के परिजनों को सूचना दी गई। सोमवार शाम से ही उसकी तलाश शुरू कर दी गई थी, लेकिन अंधेरा होने के कारण रात में सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा।

कैसे डूबा, अभी स्पष्ट नहीं
पुलिस और परिजनों ने वरुण के साथ मौजूद बच्चों से घटना के संबंध में जानकारी ली है। हालांकि बच्चे डरे हुए हैं और घटना के बारे में पूरी जानकारी स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहे हैं। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि वरुण नहर में नहाते समय डूबा या पैर फिसलने के कारण वह पानी में गिर गया। फिलहाल गोताखोरों की टीम नहर में लगातार उसकी तलाश कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static