सन्निहित सरोवर की पूरी मरम्मत पर खर्च होंगे 5.45 करोड़

punjabkesari.in Friday, Apr 06, 2018 - 10:16 AM (IST)

कुरुक्षेत्र(ब्यूरो): इतिहास के सुनहरी पन्नों में जिक्र किया गया है कि सन्निहित सरोवर में ही सात नदियां मिलती थी और महाभारत युद्ध के बाद पांडवों ने सभी दिवंगतों की मुक्ति के लिए इसी सरोवर में पिंड दान किया था। इन्हीं ऐतिहासिक लम्हों को युगों-युगों तक याद करने के लिए सन्निहित सरोवर का निर्माण किया गया।

इसी सरोवर के इतिहास को युवा पीढ़ी के समक्ष रखने तथा सौंदर्यीकरण करने के उद्देश्य से इस ऐतिहासिक सन्निहित सरोवर का सरकार की तरफ से जीर्णोद्धार का कार्य किया जाएगा। इस परियोजना पर 5 करोड़ 45 लाख रुपए की राशि खर्च की जाएगी। इन तथ्यों को थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने शहरवासियों के साथ सांझा किया।

विधायक सुभाष सुधा ने बताया कि भारत सरकार द्वारा स्वदेश दर्शन स्कीम के तहत श्रीकृष्णा योजना हेतु कुरुक्षेत्र के लिए 32 करोड़ रुपए की राशि जारी की जा चुकी है। हालांकि प्रथम चरण में इस योजना के लिए 97 करोड़ 34 लाख रुपए का बजट पास हुआ है। इस योजना के अंतर्गत ही सन्निहित सरोवर पर 5 करोड़ 45 लाख रुपए का बजट खर्च किया जाना है। 

इस योजना के तहत पर्यटन विभाग चंडीगढ़ द्वारा सन्निहित सरोवर पर घाट, पर्यटन सूचना केन्द्र, चारदीवारी, पार्किंग और फुटपाथ बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस सरोवर के चारों तरफ लाइटिंग व शैड का कार्य भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत ही शहर में सड़कों, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर 4 करोड़ 91 लाख रुपए की राशि खर्च की जानी है। इसका कार्य पंचायती राज संस्था की तरफ से किया जाएगा। 

इतना ही नहीं, सरकार ने पर्यटन विभाग चंडीगढ़ को नरकरतारी में भी सौंदर्यीकरण करने के कार्य को शीघ्र करने के आदेश जारी कर दिए है। इस तीर्थ स्थल पर भी शौचालय, चारदीवारी, पार्किंग, शोपिंग क्षेत्र, विष्णु शहस्त्रनाम का कार्य किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के लिए सरकार ने 2 करोड़ 12 लाख रुपए का बजट तय किया है। 

इस गांव में तीर्थ का सौंदर्यीकरण होने से पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा और गांव में रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत पांचों स्थलों जिनमें ब्रह्मसरोवर, ज्योतिसर, नरकरतारी, सन्निहित सरोवर और शहर के सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाना है।

ब्रह्मसरोवर पर खर्च होगा 38 करोड़ 31 लाख का बजट
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि ब्रह्मसरोवर के सौंदर्यीकरण और विभिन्न परियोजनाओं के निर्माण पर श्रीकृष्णा सॢकट के तहत 38 करोड़ 31 लाख रुपए का बजट खर्च किया जाएगा। इस योजना के तहत ब्रह्मसरोवर के नंदा स्मारक के पास 1 करोड़ 20 लाख की राशि से बहु वैकल्पिक पर्यटन सूचना केन्द्र का निर्माण चल रहा है।

वहीं,1 करोड़ 25 लाख की राशि से ब्रह्मसरोवर के दक्षिण में पार्किंग स्थल बनाया जा रहा है। 5 करोड़ की राशि से ब्रह्मसरोवर की परिक्रमा व मुख्य द्वारों पर लाइटिंग का कार्य, 5 करोड़ 25 लाख की राशि से ब्रह्मसरोवर की परिक्रमा पर 7 और पार्किंग स्थल पर 4 शौचालय बनाने का कार्य, 4 करोड़ 25 लाख की राशि से ब्रह्मसरोवर के सातों प्रवेश द्वारों और फर्श निर्माण का कार्य, तथा ब्रह्मसरोवर पर महिला घाटों के निर्माण कार्य पर 1 करोड़ रुपए और परिक्रमा पर म्यूरल पेंटिंग पर 2 करोड़ 10 लाख की राशि से कार्य चल रहे है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Related News

static