Rewari: अस्पताल की छत से अचानक गिरा प्लास्टर, परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही बताया

punjabkesari.in Thursday, Aug 14, 2025 - 05:30 PM (IST)

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : रेवाड़ी के सिविल अस्पताल में गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां जच्चा-बच्चा कक्ष की छत से अचानक प्लास्टर का एक हिस्सा नीचे गिर गया। इस घटना के समय कमरे में 6 महिलाएं मौजूद थीं, जिन्हें तुरंत दूसरे कक्ष में शिफ्ट कर दिया गया। हादसे से अस्पताल में भर्ती मरीजों और परिजनों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई थी। अचानक जच्चा-बच्चा कक्ष की छत के प्लास्टर का हिस्सा महिला के पास आकर गिरा। कमरे में मौजूद महिलाएं और उनके परिजन घबरा गए और चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ ने तत्काल अस्पताल प्रबंधन को सूचना दी, जिसके बाद मरीजों को सुरक्षित स्थान पर फर्स्ट फ्लोर में स्थानांतरित कर दिया गया। अस्पताल में डिलीवरी के लिए आई महिलाओं की संख्या अधिक होने के कारण ग्राउंड फ्लोर के इस कक्ष में भी मरीजों को रखा गया था।

मरीजों के साथ कभी भी हो सकता हादसा

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने लापरवाही बरतते हुए मरीजों को ऐसे कमरे में रखा जहां कभी भी हादसा हो सकता था। इस मामले में सिविल अस्पताल के पीएमओ डॉ. सुरेंद्र यादव ने कहा कि सीलन की वजह से गिरे प्लास्टर से किसी को चोट नहीं लगी। सभी मरीज सुरक्षित हैं और घटना के बाद तुरंत उन्हें दूसरे कक्ष में शिफ्ट कर दिया गया।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Deepak Kumar

Related News

static