Rewari : महिला वकील पर पड़ोसी के कुत्ते का हमला, CCTV में कैद हुई खौफनाक वारदात

punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 07:30 PM (IST)

रेवाड़ी(महेंद्र भारती):  शहर के रामबास मोहल्ले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां अपने ही घर के बाहर सीढ़ियों पर सफाई कर रही एक महिला वकील पर पड़ोसियों के कुत्ते ने हमला कर दिया। इस घटना ने पूरे इलाके में डर का माहौल पैदा कर दिया है। पीड़ित महिला वकील निशा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 अप्रैल को वह अपने घर की सीढ़ियों पर पोछा लगा रही थीं। इसी दौरान पड़ोसियों ने अपना पोमेरेनियन नस्ल का कुत्ता उनकी ओर छोड़ दिया, जिसने उनके पैर पर काट लिया।

यह पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें कुत्ता हमला करता साफ नजर आ रहा है। निशा का आरोप है कि पड़ोसी जानबूझकर उन्हें परेशान करने के लिए कुत्ते को कभी उनके दरवाजे के पास तो कभी अपनी छत पर, उनके घर के टॉवर के पास बांध देते हैं। कुत्ते के डर से उनके घर के बच्चे बाहर निकलने से कतराते हैं, वहीं रिश्तेदार और अन्य लोग भी घर आने से बचने लगे हैं। पीड़िता ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले उनके 8 वर्षीय भतीजे के पीछे भी कुत्ता छोड़ दिया गया था, जो बड़ी मुश्किल से बच पाया।


उनका कहना है कि गली से गुजरने वाले लोगों, खासकर बच्चों, पर भी यह कुत्ता कई बार हमला कर चुका है। विरोध करने पर पड़ोसी गालियां देते हैं और झूठे आरोप लगाकर उन्हें ही फंसाने की कोशिश करते हैं। शिकायत के आधार पर भाड़ावास गेट चौकी पुलिस ने आरोपी पड़ोसियों, राजेंद्र, सीमा, लवण्या और कमला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर थाना प्रभारी सूबे सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, आरोपी राजेंद्र मंडी में काम करता है और करीब ढाई साल पहले यह कुत्ता लेकर आया था। लेकिन अब यही कुत्ता पूरे मोहल्ले के लिए डर और परेशानी का कारण बन गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static