रेवाड़ी में दर्दनाक हादसा, दिल्ली-जयपुर हाईवे पर तीन वाहन आपस में टकराए; मची चीख- पुकार
punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 03:24 PM (IST)
रेवाड़ी (महेन्द्र भारती) : दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गांव आसलवास स्थित बीडी कंपनी के पास शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में कैंटर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, एक ट्रॉला दिल्ली से जयपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर की ग्रिल तोड़ते हुए रॉन्ग साइड में पहुंच गया। सामने से दिल्ली की ओर आ रहे कैंटर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैंटर के पीछे चल रही एक कार भी दोनों वाहनों से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी और घायल कैंटर चालक को अस्पताल भिजवाया।
सूचना मिलते ही कसौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। हादसे के बाद ट्रॉला चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ट्रॉला चालक को झपकी आने या फिर मोड़ के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ हो सकता है। जांच अधिकारी मनीष के अनुसार, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।