कुरुक्षेत्र में ATM बदलकर ठगी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, 30 हजार रुपये बरामद

punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 11:50 AM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : कुरुक्षेत्र पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के बैंक खातों से रकम निकालने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन के मार्गदर्शन में अपराध अन्वेषण शाखा-2 की टीम ने कार्रवाई करते हुए संदीप निवासी मसुदपुर, जिला हांसी और राजेश उर्फ राजी निवासी पाना बुचैन, जिला रोहतक, हाल निवासी जगदीश कॉलोनी, हांसी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 हजार रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 20 फरवरी 2025 को धनौरा जट्टान निवासी बलबीर सिंह ने थाना लाडवा में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में उसने बताया था कि वह लाडवा बस स्टैंड के सामने स्थित एटीएम से रुपये निकालने गया था। एटीएम में कार्ड डालकर रकम दर्ज करने के बावजूद पैसे नहीं निकले। इसी दौरान दो अज्ञात युवक एटीएम के अंदर आए और मदद करने के बहाने उसका एटीएम कार्ड अपने हाथ में ले लिया।

आरोपियों ने पहले 3 हजार रुपये और फिर 2 रुपये की ट्रांजेक्शन करवाई और इसी दौरान शिकायतकर्ता का एटीएम कार्ड बदल दिया। कुछ देर बाद उसके मोबाइल पर खाते से 10 हजार रुपये कटने का संदेश आया। वह तुरंत बैंक पहुंचा और खाते की स्टेटमेंट निकलवाई तो पता चला कि उसके खाते से कुल 35 हजार रुपये निकाले जा चुके थे। बैंक में एटीएम कार्ड की जांच करवाने पर कार्ड बदले जाने का पता चला।

शिकायत के आधार पर थाना लाडवा में मामला दर्ज कर जांच अपराध अन्वेषण शाखा-2 को सौंपी गई। जांच के दौरान 27 जुलाई 2026 को अपराध अन्वेषण शाखा-2 प्रभारी निरीक्षक मंदीप सिंह के मार्गदर्शन में पीएसआई विशाल कुमार, एएसआई लखन सिंह, मुख्य सिपाही प्रदीप कुमार, ऋषि, संजीव कुमार और सिपाही रवि की टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने इस तरह की और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static