रोहतक में NEET पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा, SP बोले- जांच में नहीं मिला सबूत, भ्रामक सूचना फैलाई गई
punjabkesari.in Monday, Jun 22, 2026 - 08:45 PM (IST)
रोहतक (दीपक भारद्वाज) : NEET पुनर्परीक्षा के दौरान कथित पेपर लीक को लेकर एक खबर चल रही थी, जिसमें बताया गया था कि साजिश रचकर अपने ही साझीदार को फंसाने के आरोप में एसटीएफ सोनीपत ने रोहतक में बड़ी कार्रवाई की है। एसटीएफ की टीम ने देर शाम दबिश देकर दो डॉक्टर भाइयों और महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के एक प्रोफेसर को हिरासत में लिया था। जांच के दौरान प्रोफेसर के मोबाइल फोन से नीट परीक्षा का प्रश्नपत्र भी बरामद हुआ, हालांकि प्रारंभिक जांच में इसे फर्जी बताया जा रहा है।
वहीं, इस पूरे मामले को लेकर रोहतक के पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने साफ कर दिया है। SP ने एक वीडियो जारी कर बड़ा बयान देते हुए नीट पेपर लीक की खबरों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि अब तक की जांच में किसी प्रकार के पेपर लीक की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने जारी वीडियो में कहा कि यह पूरा मामला पैसों के लेन-देन से जुड़ा था। इस पूरे मामले में पेपर लीक की कोई बात नहीं थी। यह सिर्फ भ्रामक सूचना फैलाई जा रही थी। इस पर पूरी जांच करके कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)