नमो भारत RRTS: हरियाणा सरकार ने बदला रूट, सराय काले खां-गुरुग्राम-बावल कॉरिडोर अब TOD नीति में शामिल
punjabkesari.in Wednesday, Sep 23, 2026 - 08:04 AM (IST)
चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने नमो भारत आरआरटीएस कॉरिडोर के रूट में बदलाव करते हुए सराय काले खां-गुरुग्राम-बावल कॉरिडोर को ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) नीति में शामिल कर लिया है। साथ ही नीति में पहले शामिल सराय काले खां-गुरुग्राम-रेवाड़ी शाहजहांपुर-नीमराना-बहरोड़ वाला रूट हटा दिया गया है।
सरकार की मंजूरी के बाद संशोधन की अधिसूचना जारी होते ही नया रूट प्रभावी हो गया। नगर व ग्राम आयोजना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल ने 22 सितंबर को इस संबंध में संशोधन अधिसूचित किया। अब टीओडी नीति में नमो भारत आरआरटीएस कॉरिडोर का निर्धारित रूट दिल्ली के सराय काले खां से गुरुग्राम होते हुए बावल तक रहेगा। सरकार ने आरआरटीएस सहित सार्वजनिक परिवहन कॉरिडोर के आसपास योजनाबद्ध विकास के लिए नौ फरवरी 2016 को टीओडी नीति लागू की थी। इसके अनुसार हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन की सिफारिश और सरकार की मंजूरी के बाद परिवहन कॉरिडोर को भी नीति में शामिल कर सकते है।
2021 में शामिल हुआ था पुराना रूट
सराय काले खां-गुरुग्राम-रेवाड़ी-शाहजहांपुर-नीमराना-बहरोड़ आरआरटीएस कॉरिडोर को एचएमआरटीसी की सिफारिश और सरकार की मंजूरी के बाद चार अक्तूबर 2021 को टीओडी नीति में शामिल किया गया था। अब सरकार ने रूट में बदलाव करते हुए इसे गुरुग्राम से आगे बावल तक सीमित कर दिया है। एचएमआरटीसी की सिफारिश के आधार पर संशोधित कॉरिडोर को मंजूरी देने के बाद टीओडी नीति की क्रम संख्या नौ में दर्ज पुराने कॉरिडोर को हटाकर नया रूट शामिल किया गया है। इस बदलाव के बाद टीओडी नीति के तहत सराय काले खां-गुरुग्राम-बावल नमो भारत आरआरटीएस कॉरिडोर ही मान्य रूट रहेगा।