562 रियासतों का तिरंगे के नीचे विलय करवाकर पटेल ने अखंड भारत का किया था निर्माण: CM
punjabkesari.in Monday, Oct 31, 2022 - 10:51 PM (IST)
चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि अंग्रेजों ने भारत को स्वतंत्र तो कर दिया लेकिन 565 रियासतों को उनकी मर्जी पर छोड़ दिया था। सरदार पटेल ने देश के उपप्रधानमंत्री के साथ-साथ गृहमंत्री का कार्यभार संभाला और अपनी सूझबूझ से 562 रियासतों को भारत के तिरंगे के नीचे विलय करवाकर अखंड भारत का निर्माण किया। उन्होंने जिस प्रकार से आजादी के बाद देश में मौजूद चुनौतियों का सामना करके राष्ट्र की एकता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई, उसके लिए देश हमेशा उनका कृतज्ञ रहेगा।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित शपथ समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका निभाई, वहीं आजादी के बाद देश को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता एवं अखंडता की शपथ दिलवाई। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव डीएस ढेसी, एसीएस वीएस कुंडू, टीवीएसएन प्रसाद, महावीर सिंह, अनुराग रस्तोगी, आनंद मोहन शरण, अशोक खेमका, अनिल मलिक, अपूर्व कुमार सिंह, अरूण कुमार गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी. उमाशंकर, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. अमित अग्रवाल व अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)