पूर्व सरपंच हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई: निलंबित सरपंच संजय  गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल क्रेटा कार भी बरामद

punjabkesari.in Sunday, Jul 12, 2026 - 08:13 AM (IST)

फतेहाबाद: पुलिस ने पूर्व सरपंच राजेंद्र खिलेरी हत्याकांड में चौथे आरोपी निलंबित सरपंच संजय को भी गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। 

थाना सदर फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक प्रह्लाद राय ने बताया कि पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों में विनोद, विक्रम तथा जिले सिंह उर्फ सेठी सभी निवासी गांव खाराखेड़ी, शामिल हैं। तीनों आरोपियों को 7 जुलाई को न्यायालय में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। रिमांड के दौरान उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त एक 12 बोर बंदूक, 1 देसी पिस्तौल तथा 12 बोर के 5 जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे। पुलिस ने गिरफ्तार चौथे आरोपी संजय कुमार निवासी गांव खाराखेड़ी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त क्रेटा कार भी बरामद कर ली है। आरोपी गांव खाराखेड़ी का सरपंच है जो कि निलंबित हो चुका है।

निरीक्षक प्रह्लाद राय ने बताया कि गत 4 जुलाई को गांव खाराखेड़ी स्थित ढाबे के पास पूर्व सरपंच राजेंद्र खिलेरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर थाना सदर फतेहाबाद में 5 जुलाई को मामला दर्ज किया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static