स्कूल में मासूम से हैवानियत ! फीस जमा नहीं कर सका तो शिक्षक ने पीटा, प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 02:37 PM (IST)
नूंह (अनिल मोहनिया) : नूंह जिले के पिनगवां थाना क्षेत्र के गांव शाहचौखा स्थित एक निजी स्कूल में 6 वर्षीय छात्र की कथित तौर पर पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि फीस को लेकर शिक्षक ने मासूम बच्चे के साथ मारपीट की। घटना समर मॉडर्न स्कूल शाहचौखा की है।

पीड़ित छात्र के बड़े भाई इम्तियाज़, निवासी मुंढेता ने बताया कि उसका छोटा भाई मुरसलीम उक्त स्कूल में पढ़ता है। 17 मार्च की सुबह जब वह स्कूल पहुंचा तो शिक्षक अजरुद्दीन ने उससे पेपर फीस मांगी। बच्चे ने फीस अगले दिन लाने की बात कही, जिस पर शिक्षक कथित रूप से भड़क गया। आरोप है कि शिक्षक ने बच्चे को थप्पड़ मार दिया, जिससे वह डर गया और उसकी तबीयत भी बिगड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया।
इम्तियाज ने बताया कि जब वह स्कूल पहुंचा और घटना का विरोध किया तो शिक्षक ने उसके साथ भी गाली-गलौज की। साथ ही स्कूल संचालक ज्ञान चंद पर भी अभद्र व्यवहार और धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। परिजनों ने इस संबंध में एसडीएम पुन्हाना और पिनगवां थाना पुलिस को शिकायत दी है।

शिकायत के बाद पुन्हाना एसडीएम ने मामले का संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी, जिला शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी को जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)