सेक्टर-9ए में बनी सड़क तीन महीने में ही टूटी, लोगों ने प्रशासन पर उठाए सवाल

punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 06:10 PM (IST)

गुड़गांव ब्यूरो : गुरुग्राम के सेक्टर-9ए क्षेत्र में हाल ही में बनी सड़क को दोबारा तोड़े जाने पर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जिस सड़क को बनने में लगभग एक वर्ष का समय लगा, उसे तैयार होने के मात्र तीन महीने बाद ही फिर से तोड़ दिया गया और फिर से पानी की लाइन दबाने का नया कार्य शुरू कर दिया गया। स्थानीय लोगों का सवाल है कि क्या विकास कार्यों को एक ही बार में पूरा नहीं किया जा सकता। उनका कहना है कि पहले सड़क निर्माण का कार्य किया गया, लेकिन अब किसी अन्य विभाग द्वारा फिर से खुदाई शुरू कर दी गई है, जिससे सड़क की स्थिति खराब हो गई है और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 

 

लोगों ने बताया कि सड़क टूटने के कारण धूल, गड्ढों और ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ गई है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यदि विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें तो बार-बार सड़क तोड़ने की नौबत नहीं आएगी और सरकारी धन की भी बचत होगी। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्यों की बेहतर योजना बनाई जाए और सभी विभाग मिलकर एक साथ काम करें, ताकि जनता को अनावश्यक परेशानियों से बचाया जा सके। लोगों का कहना है कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन उन्हें व्यवस्थित और योजनाबद्ध तरीके से किया जाना चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Related News

static