Educrest International School ने किया छात्रों के भविष्य से खिलवाड़, चेयरमैन सहित चार के खिलाफ केस
punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 08:41 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो) : छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने के मामले में गुड़गांव पुलिस की सेक्टर-9 थाना पुलिस ने Educrest International School के चेयरमैन, प्रिंसिपल, कॉर्डिनेटर सहित चार के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने यह मामला अभिभावकों की शिकायत के आधार पर दर्ज किया है। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने छात्रों के एडमिशन के समय फर्जी मान्यता दिखाकर उनका भविष्य दाव पर लगा दिया। जिसके कारण दसवीं कक्षा के 11 छात्र सीबीएसई का एग्जाम नहीं दे पाए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 316(2) व 3(5) के तहत केस दर्ज किया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, अभिभावकों ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि उनकी बेटी Educrest International School, सेक्टर-9B में कक्षा 10वीं की छात्रा है, जिसके साथ स्कूल प्रबंधन द्वारा गंभीर धोखाधड़ी की गई है। स्कूल प्रबंधन द्वारा प्रवेश के समय यह दावा किया गया कि विद्यालय सीबीएसई से मान्यता प्राप्त है तथा वैध मान्यता प्रमाण-पत्र एवं संबद्धता नंबर प्रदर्शित किया गया। छात्रा से ट्यूशन फीस, बिल्डिंग फंड, परीक्षा शुल्क, कंप्यूटर शुल्क आदि विभिन्न मदों में नियमित रूप से शुल्क लिया गया। वहीं जब छात्रा की परीक्षा का समय आया तो परीक्षा का एडमिट कार्ड ही उपलब्ध नहीं कराया गया। आरोप है कि एग्जाम शुरू होने से एक दिन पहले तक उन्हें गुमराह किया जाता रहा। रात को वह स्कूल गए और काफी हंगामा भी किया जिसके बाद भी स्कूल प्रबंधन उन्हें गुमराह करता रहा। इस पर उन्होंने देर रात को ही जिला उपायुक्त से गुहार लगाई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला और छात्र परीक्षा देने से वंचित रह गए।
अभिभावकों ने आरोप लगाया कि जब उन्हें एडमिट कार्ड नहीं दिए गए तो उन्होंने अपने स्तर पर पता कराया तो पाया कि विद्यालय सीबीएसई से न तो संबद्ध है और न ही मान्यता प्राप्त है तथा जो रजिस्ट्रेशन नंबर बताया गया वह भी गलत है। स्कूल के इस कृत्य से छात्रा का एक शैक्षणिक वर्ष प्रभावित हुआ तथा उसके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया। इस स्कूल में दसवीं कक्षा में 25 छात्र हैं जिन्हें दूसरे स्कूल के माध्यम से एनरोल कराया गया है जिसमें से महज 14 छात्रों के ही एडमिट कार्ड आए और उनका सेंटर पलवल व फरीदाबाद में आया। वहीं, 11 छात्रों को वह गुमराह करते रहे।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर विनय कटारिया (चेयरमैन), रिद्धिमा कटारिया (प्रिंसिपल), सिमर बत्रा (वाइस प्रिंसिपल), सोनिया (कोऑर्डिनेटर) व अन्य संबंधित स्टाफ के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम द्वारा संबंधित दस्तावेजों, मान्यता रिकॉर्ड एवं वित्तीय लेन-देन सहित केस से सम्बन्धित सभी तथ्यों को मध्यनजर रखकर जांच की जा रही है साथ ही संबंधित शिक्षा विभाग एवं बोर्ड अधिकारियों से भी जानकारी प्राप्त की जाएगी, जिनके आधार पर आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार व प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।