कथित बिल्डर ने बेच दिए कंपनी का सामान, केस दर्ज
punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 05:11 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): एक प्रतिष्ठित बिल्डर बताने वाले व्यक्ति ने एक आईटी रेंटल कंपनी को करीब 49 लाख रुपये का चूना लगा दिया। आरोपी ने कंपनी से लाखों रुपये के लैपटॉप, फोन और स्मार्टवॉच लीज पर लीं और बाद में उन्हें अवैध रूप से अन्य लोगों को बेच दिया। सेक्टर-53 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
इन्फिन टेक रेंट गुरु प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ आशीष गांधी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जून-जुलाई 2024 में उनकी मुलाकात विनय कुमार झा नाम के व्यक्ति से हुई थी। विनय ने खुद को स्पेक्टाबिलिस डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड का निदेशक और एक नामी बिल्डर बताया। उसने अपने ऑफिस के लिए लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लीज पर लेने की इच्छा जताई।
शिकायत के अनुसार 18 जून 2024 को दोनों पक्षों के बीच एक लीज एग्रीमेंट हुआ। इसके बाद आरोपी ने समय-समय पर कंपनी से कुल 31 एसेट्स (उपकरण) लिए, जिनमें हाई-एंड लैपटॉप, स्मार्टफोन, टैबलेट और स्मार्टवॉच शामिल थे। इन उपकरणों की कुल कीमत लगभग 37 लाख रुपये थी। शुरुआती समय के बाद आरोपी ने रेंट (किराया) देना बंद कर दिया।
जब कंपनी ने बकाया किराए की मांग की, तो पता चला कि आरोपी ने न केवल 12 लाख रुपये का किराया डकारा है, बल्कि कंपनी की मल्कियत वाले सभी 31 उपकरणों को भी बाजार में अज्ञात लोगों को अवैध रूप से बेचने का आरोप है। पीड़ित कंपनी के अनुसार, आरोपी का इरादा शुरू से ही धोखाधड़ी करने का था। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।