स्कूल में छात्र व उसकी मां को बेरहमी से पीटा

punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 07:35 PM (IST)


गुड़गांव, (ब्यूरो): भोंडसी थाना एरिया के निजी स्कूल में छात्र व उसकी मां के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। स्कूल की प्रिंसीपल व टीचर ने बच्चे पर इंस्टाग्राम के जरिए मैसेज भेजने का आरोप लगाया। इसके बाद बच्चे को बेरहमी से पीटा गया, वहीं उसकी मां के साथ भी हाथापाई व गाली-गलौच की गई। बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी है।


रियान इंक्लेव में रहने वाली सरला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसका बेटा गौतम यादव भौंडसी के स्नेह विहार स्थित जीवीएम स्कूल की कक्षा आठवीं में पढ़ता है। सरला के पास 28 जनवरी की सुबह स्कूल से कॉल आई कि उसके बच्चे को चोट लगी है। आरोप है कि सरला जब स्कूल पहुंची तो उसके साथ स्कूल की प्रिंसीपल ने गाली-गलौच की। प्रिंसीपल ने गौतम पर इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजने का आरोप लगाया। सरला ने गौतम से बात कराने को कहा तो उसके साथ प्रिंसीपल और टीचर ने मारपीट की।

 

सरला ने पुलिस को बुलाया तो पुलिस भी सरला से माफी मांगने का दबाव बनाने लगी। सरला के बेटे को बुलाया गया तो वह बुरी तरह से घायल था। उसने अपनी मां को बताया कि उसे सुबह से बेरहमी से पीटा जा रहा है। सरला की मौजूदगी में भी गौतम के साथ मारपीट की गई। मां-बेटे को जेल में डालने की धमकी भी दी गई। इसके बाद सरला ने अपने बेटे को अस्पताल भर्ती कराया गया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया और छानबीन कर रही है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Related News

static