कांग्रेस कार्यसमिति में स्थान मिलने से सैलजा,सुरजेवाला व दीपेंद्र हुड्डा की बढ़ी अहमियत
punjabkesari.in Sunday, Aug 20, 2023 - 08:35 PM (IST)

चंडीगढ़: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से रविवार को पुर्नगठित की गई कांग्रेस कार्य समिति में हरियाणा के दो नेताओं कुमारी सैलजा व रणदीप सिंह सुरजेवाला को बतौर सदस्य शामिल किया गया है। जबकि दीपेंद्र सिंह हुड्डा को इस समिति में स्थायी आमंत्रित सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है। इस समिति में 39 नेताओं को समिति का सदस्य जबकि 18 नेताओं स्थायी आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में कुमारी सैलजा वर्तमान में अखिल भारतीय कांगे्रस कमेटी की महासचिव के अलावा छत्तीसगढ़ की प्रभारी हैं, जबकि रणदीप सिंह सुर्जेवाला भी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव के साथ-साथ कर्नाटक एवं मध्यप्रदेश राज्य के प्रभारी हैं तो दीपेंद्र हुड्डा राज्यसभा के सदस्य हैं।
गौरतलब है कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में अध्यक्ष और महासचिव के बाद कांग्रेस कार्यसमिति राष्ट्ररीय स्तर पर सबसे महत्वपूर्ण संगठन इकाई मानी जाती है। यह समिति ही चुनाव एवं दूसरे अहम मसलों पर बड़े फैसले लेती है और इस समिति के सदस्य का पद काफी विशेष भी माना जाता है। यही वजह है कि कांग्रेस कार्यसमिति में सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह और राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडक़े भी सदस्य हैं। यह समिति कांग्रेस में संगठन के दृष्टिगत काफी खास मानी जाती है। ऐसे में हरियाणा से कुमारी सैलजा, रणदीप सुर्जेवाला और दीपेंद्र हुड्डा को इस समिति का सदस्य बनाया जाना काफी मायने रखता है। वैसे भी पिछले कुछ माह से संगठन में सैलजा एवं सुर्जेवाला का कद लगातार बढ़ रहा है।
छत्तीसगढ़ राज्य में इस साल दिसंबर में विधानसभा के चुनाव होने हैं। वर्तमान में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है और ऐसे में सैलजा के लिए एक प्रभारी के तौर पर यह चुनाव चुनौती भी हैं। इसी तरह से मध्यप्रदेश जैसे बड़े राज्य में इस साल के अंत में चुनाव होने हैं। कर्नाटक के अलावा सुर्जेवाला को दो दिन पहले ही मध्यप्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया। कर्नाटक में टिकटों के आवंटन से लेकर मुख्यमंत्री के मसले को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सुरजेवाला को मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस को सत्ता में वापसी करवाने के लिए बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
उल्लेखनीय है कि कुमारी सैलजा संगठन में कई अहम पदों पर काम कर चुकी हैं। वे चार बार सांसद निर्वाचित होने के अलावा तीन बार केंद्र में मंत्री रह चुकी हैं। हरियाणा महिला कांग्रेस की प्रधान रहने के अलावा वे हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की भी अध्यक्ष रह चुकी हैं। वर्तमान में वे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं छत्तीसगढ़ राज्य की प्रभारी हैं। विवादों से दूर रहने वाली कुमारी सैलजा अपने सौम्य व्यवहार के चलते शीर्ष नेतृत्व की भरोसेमंद मानी जाती हैं। अप्रैल 2022 में जब उन्हें कार्यकाल खत्म होने से पहले ही हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष पद से हटाया गया, तब भी सैलजा ने बिना कोई बात कहे शीर्ष नेतृत्व के निर्णय को स्वीकार किया था। हरियाणा से कुमारी सैलजा भी राज्यसभा सदस्य बनने की प्रबल दावेदार थी, मगर उस वक्त दीपेंद्र सिंह हुड्डा को राज्यसभा का सदस्य बना दिया गया और कुमारी सैलजा ने नेतृत्व के फैसले को बिना विरोध के सहजता से स्वीकार किया। यही वजह है कि सैलजा का सियासी कद और भरोसा निरंतर नेतृत्व के बीच बढ़ता चला गया और अंतत उन्हें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में महासचिव बनाने के अलावा छत्तीसगढ़ राज्य का प्रभारी भी बनाया गया। 90 विधानसभा सीटों वाले छत्तीसगढ़ राज्य में इस वर्ष दिसंबर में चुनाव प्रस्तावित हैं।
इसी तरह से रणदीप सिंह सुरजेवाला चार बार हरियाणा विधानसभा के सदस्य रहने के अलावा संगठन में कई अहम पदों पर रहे हैं। सुर्जेवाला कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रह चुके हैं। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहने के अलावा वे हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के भी कार्यवाहक अध्यक्ष रहे हैं। सितंबर 2020 में उन्हें कर्नाटक राज्य का प्रभारी बनाया गया। अभी कुछ दिन पहले ही उन्हें मध्यप्रदेश राज्य का प्रभार दिया गया। सुर्जेवाला की कुशल व ठोस रणनीति के चलते ही कांग्रेस ने कर्नाटक में स्पष्ट बहुमत हासिल करते हुए सरकार बनाई। पिछले साल जून में उन्हें राजस्थान से राज्यसभा का सदस्य बनाया गया। मध्यप्रदेश राजनीतिक नजरिए से महत्वपूर्ण राज्य है और इस राज्य में भी दिसंबर माह में विधानसभा के चुनाव प्रस्तावित हैं।
दीपेंद्र हुड्डा को भी राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी का भरोसेमंद माना जाता है। दीपेंद्र रोहतक से तीन बार लोकसभा सदस्य निर्वाचित होने के अलावा वर्तमान में वे राज्यसभा के सदस्य हैं। उनके पिता चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा 2005 से लेकर 2014 तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहने के अलावा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रह चुके हैं। वर्तमान में भूपेंद्र हुड्डा हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। दीपेंद्र हुड्डïा पिछले काफी समय से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चला रहे हैं और उनकी अगुवाई में कई बड़े नेता भी दूसरे दलों को छोडक़र कांग्रे में शामिल हो चुके हैं। इसके अलावा वे उत्तरप्रदेश के पिछले विधानसभा चुनाव में भी प्रचार कर चुके हैं। इसी साल जून में दीपेंद्र हुड्डïा राहुल गांधी के साथ विशेष पर तौर पर अमेरिका में गए थे। इसके साथ ही दीपेंद्र हुड्डïा राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी लगातार सक्रिय नजर आए थे। उन्हें संगठन में लंबा अनुभव है और वे इससे पहले भी संगठन में कई बड़े पदों पर काम कर चुके हैं। यही वजह है कि उन्हें विभिन्न राज्यों में भी बड़ी जिम्मेदारी कांग्रेस नेतृत्व की ओर से दी जाती रही है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)