69 मामलों में संलिप्त 7 चोर गिरफ्तार, दुकानों और घरों को बनाते थे निशाना
punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 10:04 AM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): गुरुग्राम में दुकानों व घरों के शटर व ताले तोड़कर चोरी करने की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने गत 25 जून की रात को फर्रुखनगर के एक मेडिकल स्टोर का शटर तोड़कर उसमें से 20 हजार रुपए की नकदी चोरी की थी। इस मामले में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और क्राइम ब्रांच फर्रुखनगर की टीम ने सात आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी दिल्ली में अलग-अलग क्षेत्रों में रहते हैं और चोरी की वारदातों को अंजाम देते रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ चोरी के 69 केस दर्ज हैं। यह चोर गिरोह पिछले काफी दिन से चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
फर्रुखनगर थाना पुलिस को एक व्यक्ति ने शिकायत दी, जिसमें बताया कि उसका फर्रुखनगर में मेडिकल स्टोर है और चोरों ने स्टोर का शटर तोड़कर उसके गल्ले में रखे 20 हजार रुपए चोरी कर लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वहीं इस मामले में फर्रुखनगर क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए चोरी के आरोप में सात आरोपियों को गत रविवार को गांव खेड़ा झाझरौला, गुरुग्राम से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। आरोपियों की पहचान तारुल निवासी सुल्तानपुरी, दिल्ली, सोनू निवासी शाहबाद दौलतपुर, दिल्ली, मेराजुल दीवान निवासी बावाना, दिल्ली, संजीत उर्फ काली निवासी शाहबाद डेयरी, दिल्ली, मनदीप उर्फ स्कूटी निवासी शाहबाद दौलतपुर, दिल्ली, प्रह्लाद कुमार उर्फ राज कुमार उर्फ मोटा निवासी सैक्टर-26, रोहिणी, दिल्ली व सागर उर्फ सूरज निवासी सैक्टर-26, रोहिणी, दिल्ली के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं और आदतन चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। आरोपी पहले घरों व दुकानों की रेकी करते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि वहां कोई मौजूद नहीं है। इसके बाद रात के समय मकानों के ताले अथवा दुकानों के शटर तोड़कर नकदी व अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गुरुग्राम में पांच अन्य स्थानों जबकि दिल्ली में चोरी की एक वारदात को अंजाम देने का खुलासा किया है। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड के अवलोकन से ज्ञात हुआ कि आरोपी तारुल के खिलाफ चोरी, नकबजनी, लूट व आर्म्स एक्ट के 15 अभियोग, आरोपी मनदीप उर्फ स्कूटी के विरुद्ध चोरी व नकबजनी के सात अभियोग, आरोपी प्रह्लाद कुमार उर्फ मोटा के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के दो और आरोपी सागर उर्फ सूरज के विरुद्ध चोरी, नकबजनी, लूट व आर्म्स एक्ट सहित 45 केस पहले भी दिल्ली में दर्ज हैं।