शादी में चलती गाड़ियों की छत पर स्टंटबाजी करना पड़ी भारी, दूल्हे समेत कई पर मुकदमा, 6 लग्जरी गाड़ियां जब्त
punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 04:36 PM (IST)
नूंह (अनिल मोहनिया) : नूंह जिले में शादी-बारातों के दौरान गाड़ियों की छतों पर चढ़कर हुड़दंग करने और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नूंह पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में सदर तावडू थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दूल्हा सोहेल पुत्र रफीक निवासी निजामपुर व उसके पिता सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 05 गाड़ी चालकों को गिरफ्तार करके थार, ऑडी, फ्रॉन्क्स और वरना सहित छह गाड़ियों को जब्त किया गया है।
पुलिस जानकारी के अनुसार 23 अप्रैल को गांव निजामपुर निवासी दुल्हा सोहेल उपरोक्त की बारात गांव फिरोजपुर नमक गई थी। बारात वापसी के दौरान कुछ युवक गाड़ियों की छतों पर बैठकर, खिड़कियों से लटककर और तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाते हुए सोशल मीडिया पर वायरल वीडियों में हुड़दंग करते नजर आए । इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग 919 धारूहेड़ा-सोहना रोड पर गाड़ियां सड़क के बीचों - बीच रोककर यातायात भी बाधित किया गया और तेज ध्वनि में उपकरणों के इस्तेमाल से आमजन को परेशान किया गया। पुलिस द्वारा प्राप्त वीडियो क्लिप की जांच के आधार पर यह कार्रवाई की गई ।
जांच में सामने आया कि बारात में शामिल कुछ वाहन चालक अपनी और आमजन की जान जोखिम में डालते हुए खतरनाक तरीके से वाहन चला रहे थे । इसके बाद थाना सदर तावडू में भारतीय न्याय संहिता की संबन्धित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर 05 गाडी चालक तस्लीम पुत्र हाकमदीन निवासी सुनारी, शाहरुख पुत्र जाबिर निवासी टांई, राशिद पुत्र अजरुद्दीन निवासी चीला, साजिद पुत्र दीन मोहम्मद निवासी भाजलाका व साजिद पुत्र हारुण निवासी निजामपुर को गिरफ्तार करके उनके कब्जा से थार, ऑडी, फ्रॉन्क्स और वरना सहित छह गाड़ियों को कब्जा पुलिस में लिया गया है तथा कब्जा पुलिस में लिये गये उपरोक्त सभी वाहनों के खिलाफ मोटरवाहन अधिनियम के तहत अलग से कार्यवाही की जाएगी। मुकदमा की जांच जारी है। मुकदमा में गिरफ्तार शुदा आरोपियों को नियमानुसार अदालत में पेश किया जायेगा ।
वाई.वी.आर. शशि शेखर, आईपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नूंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन पहले ही शादी-बरातों में स्टंटबाजी और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के संकेत दे चुके थे और उसी क्रम में यह पहली बड़ी कार्रवाई की गई है । शादी समारोह के नाम पर सार्वजनिक सड़कों पर अव्यवस्था, खतरनाक ड्राइविंग और हुड़दंगबाजी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आगे भी ऐसे मामलों पर लगातार सोशल मीडिया प्लेटफार्मों व अन्य माध्यम से निगरानी रखकर कार्रवाई की जाएगी । लोगों से अपील है कि शादी की खुशियां जिम्मेदारी और यातायात नियमों के पालन के साथ मनाएं, ताकि सड़क सुरक्षा बनी रहे और किसी की जान जोखिम में न पड़े ।