सुरजेवाला के PM मोदी से सवाल, बोले- रोज़ी रोटी के महासंकट का हल क्या किया?

punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2020 - 10:50 AM (IST)

चंडीगढ़(धरणी)- राष्ट्रीय कांग्रेस के मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कोरोना को लेकर मोदी सरकार से ट्विटर के माध्यम से कुछ अहम सवाल करते हुए कहा है की देश तो लॉक डाउन का हर आग्रह मानेगा पर आपने करोना की महामारी को रोकने के लिए क्या किया? सुरजेवाला ने कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा कैसे होगी?करोना से पैदा हुए रोज़ी रोटी के महासंकट का क्या हल किया?

ग़रीब, मज़दूर, किसान, दुकानदार, दिहाड़ीदार के 21 दिन कैसे कटेंगे? करोना से लड़ने के लिए डॉक्टर-नर्स-स्वास्थ्य कर्मियों को लैस करना ज़रूरी है पर उनके लिए एन-95 मास्क, 3 प्लाई मास्क, हैज़्मैट सूट उपलब्ध क्यों नही?देश को मार्च में ही 7.25 लाख बॉडी सूट,60 लाख एन-95 मास्क, 1 करोड़ 3 प्लाई मास्क की ज़रूरत है। ये कब मिलेंगे?दुर्भाग्यपूर्ण लेकिन सत्य! करोना के फैलाव के 84 दिन बाद आपकी सरकार ने आज 24 मार्च को वेंटिलेटर, साँस लेने के उपकरणों व हैंड सैनिटाइजर के निर्यात पर रोक लगाई है।

21 दिन गरीब लोग पेट कैसे भरेंगे
सुरजेवाला ने कहा कि  करोना संक्रमण से लड़ने के लिए यही आपकी तैयारी है?अब जागे तो क्या जागे! 
आपने करोना से लड़ने के लिए 50 मिनट के दो भाषण दिए। देश स्तब्ध है की करोड़ों फैक्ट्री व खेत मज़दूरों, दिहाड़ीदारों, मनरेगा श्रमिकों, रेहड़ी-ठेलावालों, असंगठित क्षेत्र के कामगारों की रोज़ी रोटी के लिए एक शब्द नही कहा। 21 दिन ये अपने परिवारों का पेट कैसे पालेंगे?किसान देश का पेट पालता है। दो तिहाई आबादी खेती करती है। आपने एक शब्द किसानों के लिए नही कहा।

संकटकाल में किसानों की क़र्ज़माफ़ी करें
 अगले हफ़्ते से खड़ी फसल कटने के लिए तैयार है। फसल कैसे कटेगी, कैसे बिकेगी और उचित मूल्य कौन देगा? आपके फ़रमान से किसान पर क्या बीतेगी, आपने सोचा? तुरंत राहत दें। इस संकटकाल में किसानों की क़र्ज़माफ़ी ही एकमात्र रास्ता भी है और उपाय भी। किसानों के क़र्ज़े और रिकवरी तत्काल बंद करें। फसलों के उचित दामों पर ख़रीद की सम्पूर्ण व्यवस्था करें। मत भूलिए, किसान अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। जय किसान, जय हिन्दुस्तान!आज सर्वाधिक ज़रूरत राहुल जी व कांग्रेस द्वारा सुझाई गई “न्यूनतम आय योजना” को तत्काल लागू करना वक़्त की माँग है।

गरीबों की रोटी का करें इंतजाम
उन्होंने कहा कि हर जन-धन खाते, पी एम किसान खाते व पेन्शन खाते में ₹7,500 तुरन्त जमा करवाएँ ताकि ग़रीब इन 21 दिनों में दो जून की रोटी खा सके। जान है तो जहान है।देश करोना से लड़ेगा भी और इसे हराएगा भी। पूरा देश आपकी सरकार की घोषणा के साथ है लेकिन उपायों से पूरी तरह निराश है। कठिन पल नेतृत्व की अग्निपरीक्षा लेते हैं। अफ़सोस आपकी सरकार इसके लिए तैयार नही। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static