पानीपत में सांडों का आतंक: 60 वर्षीय बुजुर्ग को उठाकर पटका, हालत गंभीर

punjabkesari.in Wednesday, Jun 19, 2024 - 01:01 PM (IST)

पानीपत (सचिन शर्मा) : पानीपत शहर के वार्ड नंबर चार के अशोक नगर में एक सांड ने 60 वर्षीय बुजुर्ग को अपने सींगों पर उठा कर पटक दिया। जिससे बुजुर्ग मार्केट के बीच रखे ट्रांसफॉर्मरों के चबूतरे पर जा गिरा। बुजुर्ग की नाजुक हालात को देखते हुए आसपास के लोगों ने उसे स्कूटी पर बैठाकर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया।

जानकारी के मुताबिक घटना मंगलवार शाम करीब सात बजे की है, जो अशोक नगर मार्केट की एक दुकान के सीसीटीवी में कैद हो गई। इस दुर्घटना में घायल हुए बुजुर्ग की पहचान नारायण निवासी अशोक नगर के तौर पर हुई है। हादसे के दौरान वह ट्रांसफॉर्मर के करंट की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। आसपास के लोगों ने इस घटना का ठीकरा नगर निगम और बिजली निगम के अधिकारियों पर फोड़ा है। अशोक नगर के लोगों का कहना है कि पिछले कई सालों से वे मार्केट के बीच में रखे इन चार बड़े ट्रांसफॉर्मर को हटवाने के लिए संघर्षरत हैं, लेकिन बिजली निगम इनको हटवा नहीं पाया है। वहीं नगर निगम भी बेसहारा पशुओं को पकड़ने का काम बंद कर चुका है।

गौरतलब है कि वार्ड नंबर चार के अशोक नगर के मेन बाजार में लगाए गए बिजली निगम के चार बड़े ट्रांसफॉर्मर और लोहे के खंभे इंसान और जानवरों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। इनमें करंट आने से अब तक दो इंसानों समेत कई गोवंशों व अन्य जानवरों की जान तक जा चुकी है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static