अल्टो से आए बदमाशों ने बाइक सवार पर किया हमला, रॉड मारकर दोनों पैर तोड़े
punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 09:09 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): एसजीवी कट के पास युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। कार सवार युवकों ने मोटर साइकिल का रास्ता रोककर 27 वर्षीय युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की और लोहे की रॉड से हमला कर उसके दोनों पैर तोड़ दिए। पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत खेड़की दौला थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, हसनपुर गांव निवासी गौरव ने शिकायत में बताया कि सुरक्षा कंपनी में चालक के रूप में कार्यरत हैं। 19 सितंबर की शाम करीब सवा सात बजे वह अपनी मोटर साइकिल से सेक्टर-76 से घर लौट रहे थे। एसजीवी कट के पास एक ऑल्टो कार ने उनकी बाइक को टक्कर मारकर रास्ता रोक लिया। कार से पीड़ित के गांव का निवासी सहित अन्य युवकों ने पकड़ लिया और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर गौरव के दोनों पैर तोड़ दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित के पिता रविंद्र और चाचा वीरेंद्र मौके पर पहुंचे और घायल गौरव को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।