भ्रष्टाचार में डूबी ''आप'' सरकार ने पंजाब को विकास के मामले में पीछे धकेला : सीएम नायब सैनी

punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 09:31 PM (IST)

चंडीगढ़ (संजय अरोड़ा): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को एक बार फिर पंजाब में दस्तक दी और लहरागागा क्षेत्र में आयोजित एक सभा को संबोधित किया और पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार पर जमकर हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी की अगुवाई में पंजाब में भाजपा सरकार बनने के बाद हरियाणा की तर्ज पर महिला, किसान, मजदूर, युवा सहित सभी वर्गों के हितों की योजनाएं लागू की जाएंगी। आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और पंजाब को विकास के मामले में पीछे धकेल दिया है। ऐसी व्यवस्था से तंग आकर अधिकारी भी अपनी जान देने पर मजबूर हैं, जोकि निंदनीय है।  इस जनसभा में राकेश सिंह गिल ने अपने समर्थकों सहित मुख्यमंत्री की मौजूदगी में भाजपा का दामन थामा।

 जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब का यह इलाका अपनी अनाज मंडियों और व्यापारिक गतिविधियों के लिए पूरे क्षेत्र में प्रसिद्ध था। यह वह भूमि है, जिसने हमेशा अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाई है, लेकिन आज बड़े दु:ख के साथ कहना पड़ता है कि जिस धरती ने पंजाब को आर्थिक मजबूती दी, आज वही सरकार की अनदेखी के कारण अपनी पहचान खो रही है। उन्होंने कहा कि सरकारें आती-जाती हैं, लेकिन जो सरकार जनता की बुनियादी जरूरतों को भूलकर केवल विज्ञापनों की चमक में खो जाए, उसे सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
 
मुख्यमंत्री ने लहरागागा की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं, बदहाल शिक्षा व्यवस्था, टूटी गलियों और बंद होते उद्योग की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने बदलाव का नारा देकर इस क्षेत्र को केवल अंधेरे में धकेला है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने दावा किया था कि मोहल्ला क्लिनिक खोलकर क्रांति लाएंगे, लेकिन सच यह है कि आज भी गंभीर बीमारी की स्थिति में यहां के लोगों को पटियाला, लुधियाना या हरियाणा के अस्पतालों में जाना पड़ता है। लोगों को शासन की विफलता के कारण जन सुविधाओं के लिए आंदोलन करने पड़ रहे हैं। सबसे चिंताजनक विषय पंजाब की युवा शक्ति का नशे की चपेट में आने का है। पंजाब में बदहाल कानून व्यवस्था के कारण निवेश नहीं आ रहा, जिसके चलते लगातार पंजाब पिछड़ता जा रहा है।

हरियाणा की नीतियों का किया उल्लेख
 
हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में जो विकास, विश्वास और निर्णायक शासन की परंपरा बनी है, हरियाणा उसका सशक्त उदाहरण है। हरियाणा ने यह सिद्ध कर दिखाया है कि जब केंद्र और राज्य में एक ही सोच वाली सरकार होती है, तो विकास की गति कई गुणा तेज हो जाती है। मुख्यमंत्री ने लाडो लक्ष्मी योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इस योजना के तहत पांच किश्तों में साढ़े आठ सौ करोड़ रुपए दस लाख बहनों को दिए जा चुके हैं । आज हरियाणा में 24 फसलें एम.एस.पी पर खरीदी जा रही हैं, जिसका भुगतान 48 घंटे में किसानों को किया जा रहा है। 


PunjabKesari

पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने किसानों को सपने दिखाए थे, लेकिन पंजाब का किसान आज ठगा हुआ महसूस कर रहा है। पंजाब की आम आदमी सरकार को घेरते हुए मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए केवल केंद्र सरकार पर आरोप लगा रही है। जबकि किसानों के लिए खाद, दवाओं का प्रबंध करने में नाकामयाब रही, वहीं फसल खरीद के लिए कोई पुख्ता व्यवस्था करने में भी ये विफल रहे। साथ ही पराली प्रबंधन के लिए भी कोई काम नहीं किया। जबकि हरियाणा में पराली प्रबंधन पर किसानों को आर्थिक सहायता दी जाती है। 

मनरेगा में पंजाब में हुआ भ्रष्टाचार

मुख्यमंत्री ने कहा कि मनरेगा के क्रियान्वयन में पंजाब में बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है। जिसमें आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजदूरों के हितों में कदम उठाने की बजाय, विधानसभा में 30 सिंतबर को यहां की सरकार प्रस्ताव लेकर आई, जिसमें न कोई आंकड़ा था न कोई तथ्य थे और न ही कोई सुझाव। यह सरासर मजदूरों के हितों पर कुठाराघात था। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में 44 लाख लोग सामाजिक सुरक्षा पैंशन का लाभ ले रहे हैं। इसमें हाल ही में भी बढ़ौतरी की गई है, लेकिन पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने यहां भी सब्जबाग दिखाते हुए आखिरी बजट में भी बुढ़ापा पैंशन तक में कोई बढ़ौतरी नहीं की। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया किया कि 'आप' संयोजक अरविंद केजरीवाल यहां का माल दिल्ली ले जाते हैं। जबकि पंजाब के लोग विकास को तरस रहे है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश को प्रयोगशाला नहीं, बल्कि अनुभवी एवं जिम्मेदार शासन चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास की बुलंदियों को छू रहा है भारत

 बाद में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने समाना में भी एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, लेकिन जब मैं पंजाब की स्थिति को देखता हूं तो मेरा मन पीड़ा से भर जाता है। एक समय था जब पंजाब पूरे देश का सिरमौर था, चाहे खेती हो, खेल हो, सेना हो या उद्योग हो, पंजाब का नंबर सबसे ऊपर होता था। मगर, अब स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। आज पंजाब का किसान परेशान है, युवा हताश हैं और माताओं की आंखों में अपने बच्चों के भविष्य को लेकर आंसू हैं।  इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रो. मोहन लाल शर्मा को भारतीय जनता पार्टी का पटका पहनाकर उनका पार्टी में ज्वाइन करने पर स्वागत किया और उन्हें पार्टी में पूरा मान-सम्मान देने की बात कही। इस अवसर पर उन्होंने नवरात्रों की शुभकामनाएं भी दी।
 
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि समाना का इतिहास बड़ा ही प्राचीन व गौरवशाली है। बंदा सिंह बहादुर ने सन 1709 में समाना के युद्ध में मुगलों को हराकर सिख सैन्य शक्ति का लोहा मनवाया। इस युद्ध ने न केवल गुरुओं की हत्या का बदला लिया बल्कि प्रथम सिक्ख राज की नींव भी रखी। मैं पंजाब की इस वीर भूमि को नमन करता हूं जिसने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया है तथा यह वह पवित्र भूमि है जहां महान गुरुओं ने अपनी पवित्र वाणी से सेवा, त्याग व बलिदान का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा का रिश्ता केवल पड़ोसी राज्य का नहीं है बल्कि यह रिश्ता खून का है। यह रिश्ता सांझी विरासत व सांझे संघर्षों का है। मैं आपके बीच एक पड़ोसी के नाते नहीं, बल्कि आपके छोटे भाई के नाते तथा आपके शुभचिंतक के नाते आया हूं।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पंजाब हर क्षेत्र में पिछड़ गया है। उन्होंने कहा कि आप पार्टी ने जनता को झूठे सब्ज-बाग दिखाएं, पिछले साढे 4 साल में इन्होंने एक भी वायदा पूरा नहीं किया। हालात यह है कि पंजाब में केवल भ्रष्टाचार का ही बोलबाला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है जो पंजाब को भी विकसित प्रदेश बना सकती है। 

 इस मौके पर कार्यक्रम के आयोजक प्रो. मोहन लाल शर्मा ने मुख्यमंत्री को शाल व स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पूर्व सांसद महारानी परणीत कौर ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उन्होंने उपस्थित जनसमूह से वर्ष 2027 में पंजाब में कमल का फूल खिलाने का आह्वान किया, ताकि पंजाब विकास के पथ पर अग्रसर हो सके। इस दौरान जिला प्रधान हरमेश गोयल, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी सहित काफी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)        

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static