कहर बनकर बरसी बारिश, भरभरा कर गिरी मकान की छत...पति-पत्नी की गई जान
punjabkesari.in Monday, Jul 10, 2023 - 12:36 PM (IST)
इंद्री (मेनपाल) : बारिश का कहर हर जगह देखने को मिल रहा है, कहीं पुल ढह गया तो कहीं नदियां उफान पर हैं। अब एक हादसा करनाल के सग्गा गांव में सामने आया है, जहां पर एक मकान जो कच्चा था और उसकी छत कड़ियों वाली थी। बरसात के कारण वह छत और कमजोर हो गई थी।

बताया जा रहा है कि पति-पत्नी रात को कमरे में सो रहे थे। इनके बच्चे बाहर आंगन में सो रहे थे, जब सुबह बच्चे उठे तो उन्होंने देखा कि छत गिरी हुई है। जिसके बाद उन्होंने पड़ोसियों और ग्रामीणों को बुलाया और मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल में ले गए, लेकिन तब तक उन्होंने दम तोड़ दिया था। दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक दम्पति के चार बच्चे हैं। इस हादसे के बाद बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। रिश्तेदारों ने प्रशासन से मदद की गुहार भी लगाई है। मृतक दिहाड़ी मजदूरी का काम करता था। हादसे में जान गवाने वाले सुरेंद्र और सुनीता हैं।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)