भीषण गर्मी की मार झेल रहे हरियाणा वासियों के राहत की खबर, जल्द तपन से मिल सकता है छुटकारा

punjabkesari.in Thursday, Jun 13, 2024 - 04:06 PM (IST)

चंडीगढ़ (चंद्रशेखर धरणी) : पिछले कईं दिनों से भीषण गर्मी की मार झेल रहे हरियाणा-पंजाब के लोगों के लिए राहत की खबर है। दोनों राज्यों के लोगों को जल्द ही इस गर्मी से छुटकारा मिल सकता है। महाराष्ट्र के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून गुजरात में चार दिन पहले दस्तक दे चुका है। हरियाणा-पंजाब समेत दूसरे उत्तर भारतीय राज्यों में रहने वाले लोगों को भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए अभी कुछ और दिनों का इंतजार करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इस माह के तीसरे सप्ताह के अंत तक हरियाणा-पंजाब में मानसूनी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार इस बार देश भर में मानसून की अवधि पिछले साल की तुलना में लंबी चल सकती है। ऐसा होने पर औसत (एलपीए) बारिश 106 प्रतिशत से ज्यादा होने का पूर्वानुमान है। यदि ऐसा हुआ तो इस बार जून से सितंबर तक जमकर बारिश होगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार हरियाणा-पंजाब समेत उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में 20 जून से बारिश होने का अनुमान है, जबकि उत्तर पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में हल्की औसत बारिश होने का पूर्वानुमान है। उत्तर भारत के अलग-अलग हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होगी। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में मानसून की उत्तरी सीमा का डेटा जारी किया था, जहां 10 से 11 जून को मानसून की शुरूआत हुई थी। महाराष्ट्र से मानसून अब गुजरात तक पहुंच गया है, जिसकी वजह से ही दोनों राज्यों में बारिश हुई है। 

गरज के साथ होगी बारिश

मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में हरियाणा-पंजाब और चंडीगढ़ में आने वाले दिनों में धूल भरी आंधी के अलावा बिजली की गरज और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से लगाए गए पूर्वानुमान से कहीं ना कही भीषण गर्मी से तप रहे लोगों को राहत मिलने के आसार है। 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)  


 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static