नौकरियों की तरह ही पॉलिटिक्स में भी मेरिट होनी चाहिए: वीरेंद्र सिंह

punjabkesari.in Friday, Dec 30, 2022 - 11:43 PM (IST)

घरौंडा(विवेक राणा): कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र सिंह राठौर ने बीजेपी की मेरिट के आधार पर नौकरी पर सवाल खड़े कर दिए है। उन्होंने सीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि नौकरियों की तरह पॉलिटिक्स के अंदर भी मेरिट होनी चाहिए। क्योंकि पहली बार के एमएलए जब सीएम की कुर्सी पर बैठ सकते है, तो हमारे यहां का छह फुट लड़का सीधे पुलिस में क्यों नहीं भर्ती हो सकता। उसकी क्या मैरिट पूछनी है, जब उसने करनाल की धरती पर जन्म ले लिया है। यहीं उसकी सबसे बड़ी मेरिट है। कांग्रेस की सरकार आएगी तो युवाओं को धड़ाधड़ नौकरियां देने का काम किया जाएगा और यही कांग्रेस का मुद्दा रहेगा।

बता दें कि कांग्रेस नेता विरेंद्र राठौर जीटी रोड स्थित बसताड़ा फार्म पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। साथ ही उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के आगमन और स्वागत की तैयारियों की प्लानिंग कार्यकर्ताओं के साथ साझा की। इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से छह जनवरी को पानीपत में होने वाली रैली का भी न्यौता दिया। राठौर ने कहा कि सात जनवरी की सुबह छह बजे कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपनी यात्रा कोहंड से शुरू करेंगे। सात जनवरी की सुबह सभी कार्यकर्ता राहुल गांधी का स्वागत कर सके, इसके लिए कोहंड में ही दो स्थानों पर ठहरने की व्यवस्था की गई है।

इसके अलावा घरौंडा के कम्युनिटी हाल में भी कार्यकर्ताओं का ठहराव रहेगा। हजारों की संख्या में कार्यकर्ता राहुल गांधी का सड़कों पर उतरकर स्वागत करेंगे। विरेंद्र राठौर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जमकर बीजेपी-जेजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की जनता गठबंधन सरकार की नीतियों से तंग आ चुकी है। बेरोजगार युवा अपनी जमीन बेचकर विदेशों में जा रहे है। सरकार रोजगार देने में नाकाम रही है। लाखों युवा सड़कों पर रोजगार के लिए भटक रहे है, लेकिन आज तक सरकार भर्तियां ही नहीं खोल पाई। अब लोग इस सरकार से विमुख हो रहे है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा परिवर्तन की ऐसी लहर लेकर आएगी कि गठबंधन का सूपड़ा ही साफ हो जाएगा।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ajay Kumar Sharma

Related News

static