युवक से मारपीट कर लूट, UPI से ट्रांसफर कराए रुपए
punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 03:57 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): देर रात ऑटो में बैठाकर एक युवक से मारपीट कर नकदी व मोबाइल लूटने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने यूपीआई के जरिए पीड़ित से 11 हजार रुपए भी ट्रांसफर कराए।मामले में कार्रवाई करते हुए फर्रूखनगर अपराध शाखा ने तीन आरोपियों को जमालपुर चौक से काबू कर लिया है। आरोपियों की पहचान राज (उम्र-20 वर्ष), निवासी गांव बांस जिला गोरखपुर (उत्तर-प्रदेश), कृष्ण (उम्र-27 वर्ष) निवासी गांव नानकमता, जिला उद्यम सिंह नगर (उत्तराखंड) व 3. सन्नी (उम्र-32 वर्ष) निवासी मालपुरा, जिला रेवाड़ी (हरियाणा) के रूप में हुई।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
आरोपियों से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी राज गुरुग्राम में ऑटो चलाता है, आरोपी कृष्ण जिला रेवाड़ी में सब्जी की दुकान लगाता है व आरोपी सन्नी गुरुग्राम में दिहाड़ी मजदूरी करता है। इन्होंने (आरोपी) योजना बनाकर सवारी के बहाने पीड़ित को ऑटो में बैठाया और उसके साथ मारपीट करके लूट करने की वारदात को अंजाम दिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी सन्नी पर मारपीट करने, हत्या का प्रयास करने, चोरी करने व पोक्सो एक्ट के तहत 4 केस रेवाड़ी में व आरोपी कृष्ण पर चोरी करने तहत 1 केस रेवाड़ी में पहले भी दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग किया गया 1 ऑटो रिक्शा व 1700 रुपए नकद भी बरामद की है। आरोपियों को आज अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है।
आपको बता दें कि 4 फरवरी को फर्रूखनगर थाना पुलिस को 22 वर्षीय युवक ने शिकायत देकर बताया था कि वह 3 फरवरी की रात को अपने गांव से काम की तलाश में गुरुग्राम आया हुआ था। जब यह गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से अपने दोस्त के पास जा रहा था तब समय करीब 10 बजे यह ताज नगर रेलवे स्टेशन से उतरकर व पंचायत घर के पास ऑटो के इंतजार में खडा था। तब 1 पीला ऑटो आया और उसमें 3-4 युवक उतरकर आए, जिन्होंने इससे पूछा कहां जाओगे तब इसने कहा फरुखनगर में झज्जर गेट तो उनके कहने पर यह उनके साथ ऑटो में बैठ गया।
कुछ दूरी तय करने के बाद ऑटो में सवार युवकों ने इसके साथ अचानक मारपीट करनी शुरू कर दी और मारपीट करते हुए इससे इसका बैग व 1700 रुपये नकद लूट लिए तथा जबरदस्ती UPI के माध्यम से 11 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए और इसका मोबाईल फोन भी लूट लिया। लूट करने के बाद वे इसको रास्ते में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले को जांच के लिए अपराध शाखा फर्रूखनगर को सौंप दी। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने 3 आरोपियों को जमालपुर चौक से काबू कर लिया।