रंजिश में युवक को चाकू से गोदा, अस्पताल में भर्ती
punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 03:18 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): पुरानी रंजिश में एक व्यक्ति को चाकू से गोदने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही सेक्टर-14 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2),118(1),126(2),351,3(5) के तहत केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस को दी शिकायत में मूल रूप से बिहार के रहने वाले अजय कुमार (45) ने बताया कि वह भूतेश्वर मंदिर सोहना चौक के पास फुटपाथ पर रहते हैं। यहां पर आदेश, जीतू व गोलू भी रहते हैं। काफी समय पहले उसका जीतू व गोलू से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इस बात की वह दोनों रंजिश रखे हुए थे। 17 मार्च की रात को जब वह बस स्टैंड के पास मौजूद था तो आदेश भी उसके साथ खड़ा था। इसी दौरान जीतू, गोलू व राजू काला ने उसे अपने पास बुलाया।
इस पर वह उनसे आगे की तरफ चलने लगा। तभी जीतू और गोलू ने उसे रोक लिया और मारपीट करने लगे। इसी दौरान दोनों ने अपने पास मौजूद चाकू निकाले और उस पर कई वार किए। इस वारदात के बाद यह दोनों मौके से भाग गए। आसपास लोगों की भीड़ एकत्र हो गई जिन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत को देखते हुए उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल के बयान पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।