किसान ने श्मशान घाट में तो महिला कर्मी ने फ्लैट में की आत्महत्या
punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 09:49 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में किसान सहित एक युवक व महिला कर्मी के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय किरण रोजका मेव औद्योगिक क्षेत्र की एक विदेशी कंपनी में कार्यरत थी। वह जीएलएस सोसाइटी के टावर नंबर-4 के फ्लैट नंबर-706 में अपने भाई आकाश के साथ रहती थी। आकाश एमएस जॉन कंपनी में कार्यरत है। रविवार को किरण और आकाश एक शादी समारोह में गए थे। वहां से लौटने के बाद वह अपने कमरे में सोने चली गई। सुबह करीब 8 बजे जब भाई आकाश ने दरवाजा खोला, तो किरण का शव दुपट्टे से पंखे के साथ लटका मिला। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सोहना सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोहना के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसआई संदीप ने बताया कि मृतका की माता इस समय अपने मायके छत्तीसगढ़ गई हुई हैं। उनके सोहना पहुंचने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों, सहकर्मियों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
श्मशान घाट में किसान ने फंदा लगाकर गंवाई जान
आईएमटी थाना एरिया के गांव कासन निवासी मुकेश (43) खेती बाड़ी का काम करता था। मंगलवार की सुबह मुकेश करीब 7 बजे घर से घूमने के लिए निकाला था। इसकी कुछ देर बाद ही ग्रामीणों ने मुकेश को श्मशान घाट में फंदे पर लटका हुआ पाया। पुलिस ने परिवार वालों के बयान दर्ज किए तो कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आई है। जांच अधिकारी एएसआई प्रदीप ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मुकेश द्वारा आत्महत्या का कोई कारण सामने नहीं आया है। मामले की छानबीन में कोई संदिग्ध बात सामने आती है तो उसी आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
युवक ने फंदा लगाकर की खुदकुशी
वहीं, एमपी के शहडोल निवासी विजय (40) गुडग़ांव के शक्ति नगर में किराये के कमरे में अकेला रहता था। उसने सोमवार की देर सांय अपने कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। इमारत के दूसरे कमरों में रहने वाले पड़ोसियों ने सोमवार की रात करीब 12 बजे विजय द्वारा आत्महत्या के बारे में पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। जिसके बाद पटौदी रोड चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी एएसआई अजीत ने बताया कि मृतक के परिवार वालों को सूचना दी गई है। मामले की छानबीन की जा रही है।