पैसे मांगने और धमकी देने के आरोप में तीन युवक गिरफ्तार, 1 पुलिस रिमांड पर
punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 06:07 PM (IST)
बराड़ा ( अनिल शर्मा ): जिला पुलिस की अपराध अन्वेषण शाखा नारायणगढ़ ने एक व्यक्ति को डरा-धमकाकर अवैध रूप से पैसों की मांग करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान दलीप कुमार, विक्की और हैप्पी के रूप में हुई है, जो बराड़ा के राजोली रोड के निवासी बताए जा रहे हैं।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, बराड़ा निवासी पवन कुमार ने 13 फरवरी 2026 को पुलिस में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उक्त व्यक्तियों ने उनसे अवैध धन की मांग की और मांग पूरी न होने पर गंभीर परिणाम भुगतने व जान से मारने की धमकी दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच सीआईए नारायणगढ़ को सौंपी गई थी।
पुलिस जांच के मुताबिक, पकड़े गए संदिग्धों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इनके विरुद्ध पहले भी मारपीट और जुआ अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया। प्रभारी उप-निरीक्षक जरनैल सिंह के अनुसार, न्यायालय ने विक्की और हैप्पी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी दलीप कुमार को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं और संभावित संपर्कों का पता लगाने का प्रयास करेगी।