गंगा दशहरा पर बड़ा हादसा: यमुना नदी में डूबने से तीन युवकों की दर्दनाक मौत, 5 घंटे बाद मिले शव
punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 09:37 AM (IST)
घरौंडा (करनाल): गंगा दशहरा पर सोमवार को यमुना नदी में तीन युवकों की गांव लालपुरा घाट के पास डूबने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब सात युवक स्नान कर रहे थे। इनमें से एक गहरे पानी में चला गया। दो साथी उसे बचाने गए लेकिन वह भी डूब गए।
लोगों ने अपने स्तर पर तलाशी अभियान चलाया मगर तीनों युवकों का शाम तक पता नहीं चला। प्रशासन की नाव व गोताखोर पांच घंटे बाद पहुंची। रात करीब साढ़े सात बजे तीनों के शव बाहर निकाले जा सके।
कुटेल गामड़ी के शुभम ने बताया कि सोमवार को लालूपुरा गांव के पास यमुना नदी के घाट पर गंगा दशहरा के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान कर रहे थे। उनके गांव से मोंटी, संजू, अंकित, विक्की, रोहित और कृष्ण भी यमुना में नहाने पहुंचे थे। सभी यमुना नदी के कम पानी में नहा रहे थे।
इसी दौरान मुबारकबाद गांव निवासी उनका साथी रमेश (24) गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। रमेश को बचाने में मोंटी (19) भी डूब गया। संजू (23) ने छलांग लगा दी और वह भी डूब गया।
तीनों युवकों के डूबने के बाद अन्य युवक यमुना से बाहर आए और ग्रामीणों का सूचित किया। शाम साढ़े चार बजे प्रशासन की ओर से गोताखोर पहुंचे। घरौंडा के तहसीलदार अरविंद यादव ने बताया कि तीनों की लाश मिल गई है।