शिक्षा मंत्री 15 अक्टूबर को निकालेंगे किसान ट्रैक्टर यात्रा, प्रधानमंत्री का करेंगे धन्यवाद

punjabkesari.in Monday, Oct 12, 2020 - 11:18 AM (IST)

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता): हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर यमुनानगर के जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के हर गांव से किसान ट्रैक्टर पर सवार होकर 3 कृषि कानूनों के समर्थन में 15 अक्टूबर को यात्रा निकालेंगे। यमुनानगर के जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भाजपा मंडल छछरौली की बैठक का आयोजन कम्युनिटी हाल छछरौली में किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में किसानों ने भी हिस्सा लिया।

इसमें मुख्यातिथि व मुख्य वक्ता के रुप में कैबिनेट शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर पहुंचे। कंवरपाल गुर्जर ने भाजपा कार्यकर्ताओं व किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा तीन कृषि कानूनों को पास किया गया है और अब वह कानून का रूप लेकर लागू हो चुके हैं। अनाज मंडियां पहले की तरह चल रही हैं, उनमें कोई भी बदलाव नहीं किया गया है। 

उन्होंने बताया कि केंद्र की मोदी सरकार द्वारा पारित इन तीन कानूनों के समर्थन में हर गांव से किसान ट्रैक्टर पर सवार होकर नरेंद्र मोदी को अपना समर्थन देने के लिए निकलेगा और इस ट्रैक्टर यात्रा का नेतृत्व वो स्वयं करेंगें। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर यात्रा में हिस्सा लेकर डीसी के माध्यम से प्रधानमंत्री का धन्यवाद करेंगे।

वहीं शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने बरोदा उपचुनाव में जीत का दावा करते हुए कहा कि जल्दी ही भाजपा जजपा का सांझा प्रत्याशी घोषित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बरोदा में वर्षों तक इनेलो और कांग्रेस का शासन रहा, लेकिन दोनों ने बरोदा के विकास के लिए कुछ नहीं किया। जबकि वर्तमान सरकार ने बरोदा में विकास के काफी कार्य किए हैं, जिसकी बदौलत लोग भाजपा प्रत्याशी को विजय बनाएंगे। उन्होंने कहा कि कहने को तो पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा कहते हैं कि बरोदा उनकी आंख है, लेकिन उन्होंने अपनी सरकार के दौरान वहां का कोई विकास नहीं किया। यह सब कहने की बातें हैं। 

शिक्षा मंत्री द्वारा निकाली जाने वाली ट्रैक्टर यात्रा पर इलाके के अन्य राजनीतिक दलों की निगाहें भी लगी हुई हैं। शिक्षा मंत्री जहां इस ट्रैक्टर यात्रा के माध्यम से किसानों को साथ लेकर यह साबित करने का प्रयास करेंगे की इलाके के किसान तीनों कानून के समर्थन में है। वहीं विपक्षी दल बार-बर यह कह रहे हैं कि किसान इसका विरोध कर रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vinod kumar

Recommended News

Related News

static