मानेसर में फ्लाईओवर निर्माण - ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया रूट डायवर्जन प्लान

punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 09:23 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्‍यूरो): दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे स्थित मानेसर बस स्टैंड पर एनएचएआई द्वारा नए फ्लाईओवर का निर्माण शुरू होते ही ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदल दी गई है। निर्माण कार्य कई महीने तक चलेगा, जिससे एनएच-48 पर ट्रैफिक दबाव बढऩे की आशंका है। ट्रैफिक पुलिस ने जाम से निपटने के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी कर कई रूट डायवर्ट कर दिए हैं।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

ट्रैफिक पुलिस प्रवक्ता विकास कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। वाहन चालकों से मुख्य हाईवे के बजाय डायवर्ट रूट इस्तेमाल करने की अपील की गई है। जयपुर की ओर से दिल्ली व आईएमटी मानेसर आने वाले सभी भारी वाहनों को पचगांव के पास एनएच-48 से बाईं ओर मोड़ दिया गया है। ये वाहन केएमपी एक्सप्रेसवे से पटौदी रोड पर उतरेंगे। इसके बाद टीसीआई फ्लाईओवर और सेक्टर-8 के रास्ते आईएमटी मानेसर में प्रवेश करेंगे। जयपुर से दिल्ली जाने वाले हल्के वाहनों को मुख्य हाईवे की जगह मानेसर स्थित भीष्म मंदिर के सामने बनी नई सर्विस रोड से गुजरना होगा। यह व्यवस्था निर्माण पूरा होने तक लागू रहेगी।

 

द्वारका एक्सप्रेसवे से मानेसर आने वाले वाहन अब एनएच-48 के बजाय एलॉन मॉल के पास से टर्न लेकर सीधे मानेसर और आईएमटी क्षेत्र में जा सकेंगे। पुलिस ने निर्माण के दौरान जाम रोकने के लिए एक्सप्रेसवे और लिंक रोड पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। ट्रैफिक कर्मी 24 घंटे निगरानी करेंगे और डायवर्जन को सख्ती से लागू करवाएंगे। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मानेसर रूट पर यात्रा करने वाले अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें। ट्रैफिक नियमों का पालन करें और धैर्य रखें, ताकि जाम से बचा जा सके। एनएचएआई के अनुसार, यह फ्लाईओवर बनने से भविष्य में ट्रैफिक का दबाव कम होगा, लेकिन निर्माण अवधि में लोगों को असुविधा हो सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static