चुनावी रंजिश- हारने वाले ने विजेता सरपंच पर किया हमला, 37 नामजद सहित 77 के खिलाफ केस, 9 गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Jun 18, 2025 - 09:36 PM (IST)

गुड़गांव/नूंह, (ब्यूरो): नूंह जिले के सदर थाना तावडू क्षेत्र अंतर्गत गांव चीला में सरपंच का चुनाव जीतने पर अपने समर्थकों के साथ घर धन्यवाद कार्यक्रम किया था जिसमें बतौर अतिथि पूर्व खेल एवं वन राज्यमंत्री कंवर संजय सिंह पहुंचे थे। जैसे ही जीतने वाला पक्ष पूर्व मंत्री कंवर संजय सिंह को घोड़ा बग्गी में बैठाकर कार्यक्रम स्थल तक लेकर जा रहे थे, वैसे ही हारने वाले पक्ष व उसके समर्थकों ने पथराव कर दिया। बताया जा रहा है कि जीतने के बाद सरपंच के समर्थक हारने वाले सरपंच के घर के सामने ढोल नगाड़े और आतिशबाजी करते हुए निकल रहे थे। निकलते समय हारने वाले सरपंच के परिवार ने पत्थर बरसाने शुरू कर दिए।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें।
इस हमले के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की निगरानी में कार्यक्रम संपन्न करवाया गया। दूसरी तरफ, पूर्व मंत्री संजय सिंह का दावा है कि घटना उनके मौके से निकलने के बाद हुई। वहीं पुलिस ने 9 लोगों को भी हिरासत में लिया है। वहीं सदर थाना पुलिस ने 37 नामजद और 40 अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 9 लोगों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद ही सदर थाना प्रभारी जितेंद्र यादव और डीएसपी देवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति पर काबू पाया गया। गौरतलब है कि शैक्षणिक प्रमाण पत्र फर्जी पाए जाने के बाद इस गांव की सरपंच निश्वा को निलंबित कर दिया गया था। इसके चलते सरपंच का उपचुनाव हुआ है। उपचुनाव में खालिद हुसैन की बेटी मुमताज 341 वोटों से विजयी रही। खालिद हुसैन ने चुनाव जीतने की खुशी में अपने घर पार्टी का आयोजन किया था। जिसमें पूर्व मंत्री संजय सिंह को भी आमंत्रित किया गया था।
पूर्व मंत्री को बग्गी में लेकर गए विजेता सरपंच के समर्थक:
संजय सिंह को घर तक ले जाने के लिए खालिद हुसैन ने घोड़ा बग्गी की व्यवस्था कर रखी थी। बताते हैं जब पूर्व मंत्री को ढोल बाजे के साथ बग्गी पर बैठाकर ले जाया जा रहा था तो दोनों पक्षों के लोगों में विवाद हो गया। फिर इस जुलूस में शामिल लोगों पर पथराव कर दिया। गनीमत यह रही कि समय रहते पूर्व मंत्री संजय सिंह, नवनिर्वाचित सरपंच मुमताज उनके पिता खालिद हुसैन मौके से सही सलामत बच निकले। हालांकि इस हमले में तीन लोगों को गंभीर चोट आई है। इसके साथ ही कार्यक्रम पुलिस की मौजूदगी में पूरा करवाया गया। पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
घर की छत से महिलाओं ने बरसाए पत्थर:
पूर्व मंत्री संजय सिंह की बग्गी जैसे ही चीला गांव की एक गली से निकली तो रास्ते में एक घर की पहली मंजिल पर खड़े लोगों उनके जुलूस पर पथराव करना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा रिकॉर्ड की गई वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इनमें देखा जा सकता है कि पथराव करने वालों में महिलाएं भी शामिल हैं।
पूर्व मंत्री बोले मेरे पीछे हुआ होगा पथराव:
संजय सिंह 2019 में भाजपा की टिकट पर सोहना से विधायक बने। जिन्हें बाद में नायब सिंह सैनी ने अपने मंत्रिमंडल में शामिल किया था। नूंह जिले का तावडू सोहना विधानसभा का हिस्सा है। पूर्व मंत्री संजय सिंह ने कहा कि मेरे समर्थक ने बेटी के सरपंच बनने पर कार्यक्रम का आयोजन किया था। मैं आयोजन में पहुंचा था लेकिन मेरे सामने कहासुनी की घटना हुई थी। मेरे जाने के बाद ही पथराव हुआ होगा।