बहादुरगढ़ के दुल्हेड़ा गांव में दो पक्षों में ताबड़तोड़ चले लाठी-डंडे, पुलिस ने 23 आरोपी किए गिरफ्तार; वजह जान होश उड़ेंगे
punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 11:55 AM (IST)
बहादुरगढ़ ( प्रवीण धनखड़) : बहादुरगढ़ के दुल्हेड़ा गांव में करीब 570 वर्ग गज के प्लॉट को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद 19 अगस्त को खूनी संघर्ष में बदल गया। प्लॉट पर गेट लगाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। संघर्ष में कई लोग घायल हो गए। मामले में पुलिस ने 26 लोगों को नामजद किया है, जिनमें से 23 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
प्लॉट बेचने को लेकर चल रहा था विवाद
शिकायतकर्ता सुरेंद्र के मुताबिक परिवार की जमीन की खेवट सांझी है और आपसी हिस्से अलग कराने को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि उसके चाचा के बेटे अमित ने करीब 570 वर्ग गज का प्लॉट परिवार के अन्य सदस्यों की जानकारी के बिना गांव की एक लड़की को बेच दिया। सुरेंद्र का कहना है कि उसने लड़की, उसके पिता और पति को प्लॉट खरीदने से मना किया था।
गेट लगाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी
सुरेंद्र के अनुसार 19 अगस्त को वह अपनी पत्नी गीता के साथ ट्रैक्टर से घर लौट रहा था। जब वे प्लॉट के सामने पहुंचे तो अमित को वहां गेट लगाते देखा। सुरेंद्र ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान प्लॉट से 4-5 युवक बाहर आए और सुरेंद्र व उसकी पत्नी के साथ मारपीट की।
इसके बाद रास्ता रोककर दोबारा झगड़ा करने का भी आरोप लगाया गया। घटना की सूचना फैलने के बाद निजामपुर, बहादुरगढ़, बामडोली सहित अन्य स्थानों से लोग मौके पर पहुंचने लगे। गांव के युवकों के साथ मारपीट की जानकारी मिलने पर ग्रामीण भी बड़ी संख्या में एकत्र हो गए।देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले। पुलिस के मौके पर पहुंचने तक कई लोग घायल हो चुके थे। संघर्ष के दौरान वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई।
पुलिस ने मौके से दो स्कॉर्पियो और एक वैगनआर को कब्जे में लिया है। तीनों वाहनों के शीशे टूटे हुए और टायर फटे मिले। बादली थाना प्रभारी सुमित कुमार ने इस मामले में कैमरे के सामने तो बोलने से इनकार कर दिया लेकिन यही बताया कि मामले में 26 लोगों को नामजद किया गया है। इनमें से 23 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।