नूंह में ISI नेटवर्क का भंडाफोड़? जासूसी के शक में तावडू से नासिर गिरफ्तार, खंगाले जा रहे हैं संदिग्ध दस्तावेज

punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 02:25 PM (IST)

तावडू (नूंह): नूंह जिले में केंद्रीय जांच एजेंसियों की गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। कथित पाकिस्तानी आईएसआई एजेंट की गिरफ्तारी के बाद नूंह, मेवात क्षेत्र में एनआईए, आईबी, एसटीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम लगातार छापेमारी कर रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को तावडू उपमंडल के गांव खोरी कलां में टीम ने तीन अलग-अलग मकानों की तलाशी ली। इस दौरान नासिर पुत्र अरशद निवासी पावसर को पूछताछ के लिए उठाया गया है।

सूत्रों के अनुसार जांच की शुरुआत जम्मू-कश्मीर निवासी एक संदिग्ध पाकिस्तानी एजेंट को हिरासत में लेने के बाद हुई थी। उसके तार मेवात क्षेत्र से जुड़े बताए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पलवल के पावशर गांव के एक युवक को भी हिरासत में लिया गया है।

पावशर निवासी युवक नासिर का खोरी कला में कोल्ड ड्रिंक का कारोबार है और उसके संपर्क कथित कश्मीरी एजेंट से जुड़े हुए थे, जिस पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का आरोप है। जांच एजेंसियों को शक है कि इसी नेटवर्क से मेवात क्षेत्र में गतिविधियां संचालित हो रही थीं।

शुक्रवार को हुई कार्रवाई के दौरान टीम ने संबंधित मकान से कुछ अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। साथ ही इससे पहले जिन युवकों से पूछताछ की गई है उनके मोबाइल भी कब्जे में लिये हैं। गुरुवार को भी एनआईए के साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस, आईबी और एसटीएफ की टीमों ने मेवात के अलग अलग इलाकों में दबिश दी थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static