मोबाइल दुकान का शटर तोडक़र चार लाख की चोरी, 16 मोबाइल ले गए नकाबपोश
punjabkesari.in Thursday, Sep 03, 2026 - 09:07 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): बिलासपुर चौक स्थित राधा कृष्णा मोबाइल दुकान में नकाबपोश दो युवकों ने शटर का ताला तोड़कर करीब चार लाख रुपये कीमत के 16 मोबाइल फोन और अन्य एक्सेसरीज चोरी कर ली। वारदात रात करीब दो बजे की है। दोनों युवक बैग लेकर दुकान में घुसे और मोबाइल व सामान समेटकर फरार हो गए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
दुकान मालिक सुरेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि उन्होंने एक सितंबर की रात करीब नौ बजे दुकान बंद की थी। दो सितंबर की सुबह करीब सात बजे दुकान पहुंचे तो शटर के ताले कटे हुए मिले और सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची बिलासपुर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो दो युवक रात करीब दो बजे दुकान में घुसते दिखाई दिए। दोनों ने चेहरों पर कपड़ा बांध रखा था। पुलिस के अनुसार, चोर आठ सैमसंग एंड्रॉयड, छह मोटो एंड्रॉयड और दो नोकिया कीपैड मोबाइल ले गए। इसके अलावा स्मार्टवॉच, ईयरबड्स समेत अन्य मोबाइल एक्सेसरीज भी चोरी की गईं।
दोनों युवक सामान बैग में भरकर ले गए और दुकान का शटर खुला छोडक़र फरार हो गए। पुलिस ने एफएसएल और फिंगरप्रिंट टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। बिलासपुर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होते ही उन्हें गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।