कैथल में दर्दनाक हादसा... जन्मदिन बना अंतिम दिन, तालाब में कूदी 2 सगी बहनें, दोनोंं की मौत से सदमे में परिवार
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 04:22 PM (IST)
कैथल (जयपाल रसूलपुर) : कैथल के कलायत में दो सगी बहनों ने कपिल मुनि तालाब के गहरे पानी में कूदकर अपनी जान दे दी। मृतक बहनों की पहचान 20 वर्षीय पलक और 18 वर्षीय परमजीत के रूप में हुई है। पलक गैस एजेंसी में काम करती थी, जबकि परमजीत बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। दोनों कलायत के कुलवंत नगर की रहने वाली थीं।
परिजनों के अनुसार, सोमवार रात घर में घरेलू कामकाज को लेकर हल्की कहासुनी हुई थी। इसके बाद मंगलवार सुबह करीब 5 बजे दोनों बहनें घर से निकलीं और सीधे कपिल मुनि तीर्थ पहुंच गईं। जहां किनारे पर चप्पलें उतारने के बाद रेलिंग पार कर उन्होंने गहरे पानी में छलांग लगा दी। मंदिर पहुंची दो महिलाओं ने जब उन्हें पानी में चलांग लगाते देखा तो उन्होंने स्थानीय लोगों को सूचित किया।
सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची पुलिस द्वारा गोताखोरों को सूचित किया गया। गोताखोरों के समय पर न पहुंचने के कारण स्थानीय युवकों ने खुद पानी में उतरकर दोनों बहनों को बाहर निकाला हालांकि तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दोनों बहनों की मौत हो चुकी थी। सबसे भावुक कर देने वाली बात यह है कि आज पलक का जन्मदिन भी था, लेकिन जन्मदिन के दिन ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। तीर्थ परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी दोनों बहनें तेजी से तालाब की ओर जाती हुई दिखाई दे रही हैं। फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कैथल नागरिक अस्पताल भेजा गया है।