पानीपत में बड़ा हादसा...जहरीली गैस से 2 मजदूरों की मौत, बिना सुरक्षा टैंक में सफाई करने उतरे थे दोनों
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 06:41 PM (IST)
पानीपत (सचिन शर्मा) : पानीपत के जलालपुर रोड स्थित मयूर टेक्सटाइल फैक्ट्री में एक दर्दनाक हादसे में 2 मजदूरों की जहरीली गैस से दम घुटने के कारण मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार दोनों मृतक मजदूर आपस में चचेरे भाई बताए जा रहे हैं और यूपी के जंधेड़ी गांव के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार, दोनों फैक्ट्री में केमिकल टैंक की सफाई करने के लिए उतरे थे, तभी टैंक के अंदर बनी जहरीली गैस के कारण उनका दम घुट गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

परिजनों और अन्य मजदूरों ने फैक्ट्री मालिक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मजदूरों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के ही टैंक में उतार दिया गया। उनकी मानें तो फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही के चलते यह बड़ा हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि इसी प्रकार का हादसा पहले भी कुराड़ रोड स्थित गोरजा इंटरनेशनल फैक्ट्री में हो चुका है, जहां केमिकल टैंक की सफाई के दौरान दो मजदूरों की मौत हो गई थी।
घटना के बाद दोनों मजदूरों के शवों को तुरंत पानीपत के सामान्य अस्पताल लाया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)