Panipat: STP प्लांट में जहरीली गैस का तांडव, JJP नेता देवेंद्र कादियान के 2 श्रमिकों की दम घुटने से मौत
punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 01:07 PM (IST)
पानीपत(सचिन): हरियाणा के पानीपत में चौटाला रोड स्थित एसटीपी (STP) प्लांट में एक बड़ा हादसा हो गया है। यहाँ ब्लॉकेज खोलने के लिए हॉल (Mainhole) में उतरे दो श्रमिकों की जहरीली गैस के कारण दम घुटने से मौत हो गई। ये दोनों मृतक जननायक जनता पार्टी (JJP) के राष्ट्रीय महासचिव देवेंद्र कादियान की हैचरी में कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार, एसटीपी प्लांट में ब्लॉकेज की समस्या आ रही थी। इसे ठीक करने के लिए दोनों श्रमिक हॉल के भीतर उतरे थे। हॉल के अंदर अत्यधिक जहरीली गैस होने के कारण दोनों को संभलने का मौका नहीं मिला और दम घुटने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सौरव ओर अजय दोनों ब्लॉकेज देखने के लिए हॉल में उतरे थे। इस दौरान दोनों की दम घुटने से मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे जजपा नेता देवेंद्र कादियान और मृतकों के परिजनों ने हरियाणा शहर विकास प्राधिकरण (HSVP) के अधिकारियों पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सुरक्षा उपकरणों के बिना श्रमिकों को इतने खतरनाक काम में झोंकना सीधे तौर पर उनकी जान से खिलवाड़ है। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के सामान्य अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी जांच शुरू कर दी गई है।