चढूनी का बड़ा बयान, संयुक्त किसान मोर्चा कहेगा तो 26 नवम्बर को करेंगे संसद कूच

punjabkesari.in Sunday, Nov 07, 2021 - 04:40 PM (IST)

रोहतक(दीपक):  रोहतक में भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी का बड़ा बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि संयुक्त किसान मोर्चा कहेगा तो वह संसद कूच करने के लिए तैयार है। गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि हरियाणा ने अपनी तरफ से प्रस्ताव पास कर दिया है कि वह संसद कूच के लिए पूरी तरह से तैयार है। लेकिन इससे पहले 9 नवंबर को संयुक्त किसान मोर्चा के बीच में बात रखी जाएगी।  यही नहीं भाजपा सांसद द्वारा दिए गए बयान को लेकर भी किसान नाराज दिखे। उन्होंने सांसद डॉ अरविंद शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी रोहतक के मकड़ोली टोल पर किसान पंचायत में पहुंचे थे।

तीन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हरियाणा किसान यूनियन के नेताओं की आज रोहतक जिले के मकड़ोली टोल प्लाजा के पास एक पंचायत हुई, जिसमें भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने बतौर अध्यक्ष शिरकत की। इस पंचायत में संविधान दिवस पर 26 नवंबर को संसद कूच करने का प्रस्ताव पास कर दिया गया। गुरनाम चढूनी का कहना है कि प्रस्ताव पास करके संयुक्त किसान मोर्चा की 9 नवंबर को होने वाली बैठक में विचार के लिए भेज दिया गया है। अगर संयुक्त किसान मोर्चा इस फैसले पर अपनी मुहर लगाता है तो वे संसद कूच के लिए पूरी तरह से तैयार है। अगर संयुक्त किसान मोर्चा इस प्रस्ताव पर अपनी मोहर नहीं लगाता है तो पुनर्विचार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जिस तरीके से भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने किलोई मंदिर पर हुए मामले को लेकर बयान दिए हैं, उन पर प्रशासन द्वारा केस दर्ज किए जाने चाहिए। उन्होंने मांग की है कि भाजपा के सांसद अरविंद शर्मा व पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर के खिलाफ एफ आई आर दर्ज होनी चाहिए। साथ ही पंचायत में यह प्रस्ताव भी पास किया गया कि खराब हुई फसलों का मुआवजा 40, 000 प्रति एकड़ के हिसाब से दिया जाना चाहिए। यही नहीं जो बिजली के टावर खेतों में से लगाए जा रहे हैं उनका भी उचित मुआवजा अगर नहीं मिलता है तो उनके काम को रोक दिया जाएगा और सरकार को भी स्वयं उस काम को रोक देना चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static